रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चरखी दादरी

Charkhi Dadri News:ट्यूबवेल कनेक्शन न मिलने पर भड़के किसान – Farmers Outraged Over Failure To Get Tubewell Connections

November 22, 2026


बाढड़ा। उपमंडल के हजारों किसानों का बाजरा खरीदने में प्रशासन की लापरवाही और बिजली निगम की ओर से किसानों के ट्यूबवेल कनेक्शन जारी नहीं किए जाने के विरोध में किसान संगठनों ने जल्द पंचायत बुलाने की बात कही है।

भाकियू अध्यक्ष हरपाल सिंह भांडवा के नेतृत्व में पंचायत कर सरकार के खिलाफ असहयोग आंदोलन शुरू करने की रणनीति बनाई जाएगी। भाकियू महासचिव राधेश्याम शर्मा और किसान नेता राम अवतार लाड ने बताया कि क्षेत्र के किसानों ने समय पर मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल पर आवेदन कर पंजीकरण करवाया था जबकि अंतिम समय में उनका डाटा गायब हो गया।

किसानों ने करीब दो सप्ताह तक अधिकारियों के चक्कर लगाकर राजस्व चकबंदी विभाग से रिकॉर्ड दुरुस्त करवाया। इसके बाद खरीद एजेंसी और मार्केटिंग बोर्ड के रिकॉर्ड में त्रुटि सामने आ गई। इस कारण अब तक कई किसानों का बाजरा नहीं बिक पाया है।

उन्होंने बताया कि गांव बेरला, लाड, काकड़ौली हट्टी, निमड़, बड़ेसरा, निहालगढ़, टोड़ी, नांधा और लाडावास सहित क्षेत्र के कई गांवों के किसानों का बाजरा पांच नवंबर को खरीद के लिए पास किया गया था, जबकि 10 नवंबर को बाजरा खरीद बंद करने के आदेश जारी होने से किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है।

भाकियू अध्यक्ष हरपाल सिंह भांडवा ने कहा कि रबी सीजन में फसलों को अधिक सिंचाई की जरूरत होती है। किसानों को छह माह से ट्यूबवेल कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं। किसानों ने कनेक्शन लेने के लिए लाखों रुपये बिजली विभाग में जमा करवाए हैं। कनेक्शन लगाने के लिए लाइनें बिछाने, खंभे लगाने और ट्रांसफार्मर स्थापित करने का काम भी पूरा हो चुका है। इसके बावजूद कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X