रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
जींद

Jind News:ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर खर्च होंगे 11.92 करोड़, तीन टेंडर जारी – Rs 11.92 Crore To Be Spent On Roads In Rural Areas; Three Tenders Issued

November 22, 2026


जींद। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर और टूटी सड़कों से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के नरवाना डिवीजन ने ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों का नवीनीकरण और विशेष मरम्मत करवाने के लिए तीन टेंडर जारी किए हैं। इन कार्यों पर कुल 11 करोड़ 92 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। छह गांवों को जोड़ने वाले एक प्रमुख सड़क मार्ग का नवीनीकरण किया जाएगा, जबकि उचाना और नरवाना क्षेत्र के अन्य मार्गों की विशेष मरम्मत और पुनर्निर्माण होगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में कई सड़कें लंबे समय से खस्ताहाल हैं। जगह-जगह से सड़क की परत उखड़ने और गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसका असर किसानों के आवागमन पर भी पड़ता है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से फसल मंडियों तक पहुंचाने और कृषि सामग्री लाने-ले जाने में दिक्कत होती है। टेंडर जारी होने से इन मार्गों के सुधरने की उम्मीद जगी है।

झांज से बरौदा तक छह गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर खर्च होंगे 3.60 करोड़

पहले टेंडर के तहत एनएच-352 से झांज, बरौदी, मोहंगढ़, भोंसला, कहसून और बरौदा होते हुए दोबारा एनएच-352 तक सड़क पर नवीनीकरण की परत बिछाई जाएगी। इस कार्य पर 3 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे इन गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विभाग ने इस कार्य को पूरा करने के लिए 90 दिन की अवधि निर्धारित की है।

अलीपुरा-तरखा और खरकभूरा स्टेडियम मार्ग की होगी मरम्मत

दूसरे टेंडर में अलीपुरा से तरखा मार्ग और खरकभूरा गांव में खेल स्टेडियम तक जाने वाली सड़क की विशेष मरम्मत शामिल है। इन कार्यों पर 3 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। खरकभूरा में स्टेडियम मार्ग के 0.40 से 1.32 किलोमीटर हिस्से की मरम्मत होगी। इससे खिलाड़ियों को स्टेडियम तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इस टेंडर के तहत निर्धारित कार्यों को पूरा करने के लिए 180 दिन की अवधि निर्धारित की गई है।

झील-दोहाना खेड़ा और भोंसला मार्ग पर भी होगा कार्य

तीसरे टेंडर के तहत ग्रुप नंबर सात में तीन सड़क मार्गों की विशेष मरम्मत और पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसमें झील से दोहाना खेड़ा तक सड़क की मरम्मत तथा भोंसला से संबंधित सड़क का अलाइनमेंट बदलने के कारण उसका पुनर्निर्माण शामिल है। इस कार्य के लिए 4 करोड़ 30 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इसे पूरा करने के लिए भी 180 दिन की अवधि तय की गई है।

2 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

तीनों टेंडरों की आवेदन प्रक्रिया 20 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक ठेकेदार 2 दिसंबर शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 3 दिसंबर को टेंडर खोले जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू करवाए जाएंगे।

वर्जन

ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए तीन टेंडर जारी किए गए हैं। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू करवाया जाएगा। -नरेंद्र कुमार, पीडी नरवाना।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X