रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीहोर:बैकुंठ चतुर्दशी पर कुबेरेश्वरधाम में होगा शिव और विष्णु का मिलन, पालकी में विराजेंगे हरि-हर – Sehore: Hari-har Milan Festival At Kubereshwar Dham, Grand Palanquin Procession And Free Community Feast
सीहोर

सीहोर:बैकुंठ चतुर्दशी पर कुबेरेश्वरधाम में होगा शिव और विष्णु का मिलन, पालकी में विराजेंगे हरि-हर – Sehore: Hari-har Milan Festival At Kubereshwar Dham, Grand Palanquin Procession And Free Community Feast

November 22, 2026


आस्था जब समर्पण से मिलती है और भक्ति जब एकता का संदेश देती है, तब धर्म और संस्कृति की ऐसी परंपराएं जीवंत हो उठती हैं, जो सदियों से सनातन संस्कृति की पहचान बनी हुई हैं। भगवान शिव और भगवान विष्णु के इसी दिव्य मिलन की परंपरा का साक्षी बनने के लिए सोमवार को चितावलिया हेमा स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम तैयार है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी यानी बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर यहां भव्य श्री हरि-हर मिलन महोत्सव आयोजित किया जाएगा। शाम 5 बजे भगवान को आकर्षक पालकी में विराजमान कर मंदिर परिसर में पारंपरिक चल समारोह निकाला जाएगा। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को हरि और हर के मिलन के दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा।

पालकी में विराजेंगे भगवान

कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह धार्मिक महोत्सव इस बार भी श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन के तहत सोमवार 23 नवंबर शाम 5 बजे भगवान की आकर्षक पालकी सजाई जाएगी। इसके बाद सादगीपूर्ण और पारंपरिक तरीके से मंदिर परिसर में चल समारोह निकलेगा। इसमें शामिल श्रद्धालु भजन, भगवान के स्मरण और जयकारों के बीच इस दिव्य परंपरा के सहभागी बनेंगे। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सनातन संस्कृति की समन्वयकारी परंपरा को आगे बढ़ाना है।

शैव और वैष्णव परंपराओं की एकता का प्रतीक है हरि-हर मिलन

पंडित प्रदीप मिश्रा ने बताया कि भगवान विष्णु को हरि और भगवान शिव को हर कहा जाता है। हरि-हर मिलन केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति में एकता, श्रद्धा और समर्पण का संदेश देने वाली परंपरा है। भगवान शिव और भगवान विष्णु के इस मिलन के माध्यम से शैव और वैष्णव परंपराओं के बीच समन्वय और परस्पर सम्मान का भाव प्रकट होता है। कुबेरेश्वरधाम में प्रतिवर्ष इस अवसर पर विशेष आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी और भंडारे की व्यवस्था

महोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विट्ठलेश सेवा समिति और प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए यातायात प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। धाम पहुंचने वाले भक्तों के लिए नि:शुल्क भोजन प्रसादी और भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। विट्ठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित समीर शुक्ला, पंडित विनय मिश्रा सहित अन्य सेवादार भोजन प्रसादी की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। आयोजन के दौरान श्रद्धालु भगवान के दर्शन के साथ भजन-कीर्तन और स्मरण में समय व्यतीत करेंगे।

ये भी पढ़ें: भोपाल: कोविड में सेवा देने वाले चार हजार स्वास्थ्यकर्मियों के समर्थन में उतरे उमंग सिंघार, सीएम को लिखा पत्र

चातुर्मास में शिव संभालते हैं सृष्टि संचालन का दायित्व

विट्ठलेश सेवा समिति के मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी को बैकुंठ चतुर्दशी के रूप में भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं। इस चातुर्मास अवधि में वे सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव को सौंपते हैं। इसके बाद बैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव पुन: यह दायित्व भगवान विष्णु को सौंपते हैं। इसी धार्मिक मान्यता और परंपरा को हरि-हर मिलन के रूप में मनाया जाता है।

रात्रि जागरण और महापूजा का भी विशेष महत्व

मनोज दीक्षित मामा के अनुसार इस दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं में रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन और महापूजा का विशेष महत्व बताया गया है। भगवान विष्णु का निवास बैकुंठ लोक माना जाता है, इसी कारण इस तिथि को बैकुंठ चतुर्दशी कहा जाता है। यह पर्व शैव और वैष्णव परंपराओं के बीच एकता और समन्वय का संदेश देता है। सोमवार को धाम में हरि-हर मिलन के साथ पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X