गगरेट(ऊना)। श्री गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर अंबोटा स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा रामगढ़िया में 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के तहत 22 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होगा। 23 नवंबर को सुबह 8:30 बजे निशान साहिब की सेवा होगी जबकि दोपहर एक बजे नगर कीर्तन सजाया जाएगा। इसमें क्षेत्र की संगत गुरुवाणी का गायन करते हुए भाग लेगी। 24 नवंबर को सुबह नौ बजे श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे। इसके बाद कीर्तन दरबार सजेगा। इसमें होशियारपुर और दाणा साहिब सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे रागी जत्थे संगत को गुरुवाणी से निहाल करेंगे। शाम छह बजे से रात 12 बजे तक विशेष कीर्तन दरबार भी आयोजित होगा। गुरुद्वारा प्रबंधन के अनुसार तीनों दिन गुरु का लंगर लगाया जाएगा।