रुपईडीहा (बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस और एसएसबी की टीम ने शनिवार सुबह दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 66 ग्राम स्मैक और एक बाइक बरामद हुई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 लाख रुपये आंकी गई है।
रुपईडीहा थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार मिश्र पुलिस टीम और एसएसबी जवानों के साथ शनिवार सुबह सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक शैक्षणिक संस्थान के पास बाइक सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके पास से 66 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने बाइक को भी कब्जे में ले लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र के भगवानपुर और जमौपुर गांव के निवासी हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया। सीओ नानपारा चित्रांशु गौतम ने बताया कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।