इलिया/चकिया/कंदवा। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बेमौसम बारिश हुई। इस बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल गिर गई है और कटाई के बाद सुखाने के लिए रखी गई उपज भी भीग गई है।
पिछले अर्णव तूफान से भी धान की फसल को नुकसान हुआ था। कई किसानों ने हाथ से धान काटकर लेहनी खेतों में सुखाने के लिए छोड़ी थी। शनिवार की बारिश से यह लेहनी भी भीग गई। इससे धान में नमी बढ़ने, सड़न और गुणवत्ता खराब होने का खतरा है।
किसानों को अब चेन कंबाइन हार्वेस्टर का सहारा लेना पड़ सकता है। इससे प्रति बीघा कटाई का खर्च करीब तीन गुना तक बढ़ सकता है। पशुपालकों के लिए भी भूसे का संकट गहरा रहा है। खेतों में फसल भीगने से भूसा तैयार करने में परेशानी होगी। किसान क्रय केंद्रों पर धान बेचने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मौसम की मार उनकी मेहनत पर पानी फेर रही है।