Chandauli News:भूगोल की परीक्षा में पहुंचा अर्थशास्त्र का प्रश्नपत्र – Economics Question Paper Appears In Geography Exam
अदलहाट। विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था में शुक्रवार को बड़ी लापरवाही सामने आई। स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर के भूगोल विषय के चतुर्थ प्रश्नपत्र की जगह परीक्षा केंद्रों पर अर्थशास्त्र का प्रश्नपत्र पहुंच गया।
प्रश्नपत्रों की अदला-बदली से परीक्षा केंद्रों पर अफरा-तफरी मच गई। बाद में रिजर्व बंडल में रखा भूगोल का प्रश्नपत्र खोजकर उसकी फोटोस्टेट कराई गई। इस पूरी प्रक्रिया में परीक्षा करीब आधे घंटे विलंब से शुरू हो सकी।
राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अदलहाट को पेपर नोडल केंद्र बनाया गया है। यहां से केंद्रों के कोड का मिलान करने के बाद प्रश्नपत्र भेजे गए थे। शुक्रवार को परीक्षा के दौरान जब प्रश्नपत्रों का बंडल खोला गया तो उसमें भूगोल की जगह अर्थशास्त्र का पेपर मिला। इसकी सूचना नोडल केंद्र को दी गई।
विश्वविद्यालय से संपर्क करने पर पता चला कि भूगोल का प्रश्नपत्र मुख्य बंडल के बजाय अतिरिक्त बंडल में रखा गया है। इसके बाद रिजर्व बंडल से प्रश्नपत्र तलाशकर निकाला गया। विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक नोडल केंद्र पहुंचे और एक-एक प्रश्नपत्र लेकर अपने परीक्षा केंद्रों पर गए। वहां उसकी फोटोस्टेट कराकर परीक्षार्थियों को वितरित किया गया।
परीक्षा दोपहर 12:30 बजे समाप्त हुई। इसी दौरान उड़नदस्ता दल भी केंद्र पर पहुंचा। केंद्र व्यवस्थापक ने दल को पूरी घटना की जानकारी दी।
इस परीक्षा में आदर्श जनता महाविद्यालय कोलना, स्व. पतिराजी देवी श्रीकेदार सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय भुईलीखास, बनस्थली महाविद्यालय अहरौरा और राजकीय महाविद्यालय अदलहाट समेत कई महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
