Faridabad News:ग्रीन बेल्ट में गंदगी के कारण निवासियों को परेशानी – Residents Face Inconvenience Due To Filth In The Green Belt
फरीदाबाद। सेक्टर-89 स्थित पुरी लैवेंडर सोसाइटी के पीछे बनी ग्रीन बेल्ट बदहाल स्थिति में है। यहां नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और लावारिस पशुओं का जमावड़ा रहता है। गंदगी के कारण आसपास दुर्गंध फैली रहती है।
सोसाइटी निवासियों का आरोप है कि ग्रीन बेल्ट के रखरखाव को लेकर संबंधित विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने बताया कि रात के समय कुछ लोग ग्रीन बेल्ट में नशा करते हैं। इससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। इसके अलावा सोसाइटी के बाहर पुलिस की नियमित गश्त भी नहीं होती है।
निवासी आशीष और विक्रम शर्मा ने बताया कि ग्रीन बेल्ट में गंदगी के कारण सोसाइटी में दुर्गंध बनी रहती है। इसके रखरखाव के लिए कोई काम नहीं किया जा रहा है। निवासी करमवीर मलिक ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हुई है। वहीं, निवासी विकास का कहना है कि ग्रीन बेल्ट में सफाई कराने के साथ हरे-भरे पेड़-पौधे लगाए जाने चाहिए, ताकि क्षेत्र का वातावरण स्वच्छ हो सके।
