रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चंपावत

Champawat News:नई बसें नहीं मिलीं, पिथौरागढ़ डिपो और टनकपुर मंडल लाचार – No New Buses Received; Pithoragarh Depot And Tanakpur Division Left Helpless

November 22, 2026


पिथौरागढ़। रोडवेज के पिथौरागढ़ डिपो सहित टनकपुर मंडल को नई बसों का इंतजार है। बसों की कमी से विभिन्न रूटों पर सेवाएं नियमित नहीं हैं। वहीं कई रूटों पर लंबे समय से बसों का संचालन बंद है। पिथौरागढ़ डिपो को ही करीब 20 नई बसों की जरूरत है। निगम मुख्यालय में 55 बसें तो आई हैं। पिथौरागढ़ डिपो टनकपुर मंडल को कितनी बसें मिलेंगी इसका किसी को पता नहीं है।

पिथौरागढ़ डिपो में लंबे समय से बसों कमी बनी हुई है। इसके चलते अस्कोट-दिल्ली, दिल्ली तृतीय, सेराघाट वाया धारचूला-दिल्ली, 10 बजे चलने वाली पिथौरागढ़-दून, देहरादून द्वितीय, बरेली प्रथम और द्वितीय सेवाएं अनियमित हैं। कभी-कभार इन रूटों पर बमुश्किल पुरानी बसों को संचालित करना पड़ रहा है।

कभी तकनीकी खराबी तो कभी टायरों और अन्य सामग्री के अभाव में बसें खड़ी होने पर इन रूटों पर संचालन ठप हो जाता है। वहीं डीडीहाट-देहरादून, पांगला-बरेली और सुबह चलने वाले पिथौरागढ़-हरिद्वार सेवा लंबे समय से बंद है तो लखनऊ रूट पर संचालित बस अपनी उम्र के अंतिम पड़ाव में है। डिपो में अभी भी कुछ बसें ऐसी संचालित हैं जो मानक पूरे कर चुकी हैं।

झूलाघाट सहित कई रूट पर मानक पूरे कर चुकी बसों को ही दौड़ाया जा रहा है। इस सबका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। डिपो को तमाम रूट पर नियमित संचालन और बंद रूटों पर सेवा बहाल करने को करीब 20 नई बसों की जरूरत है। वहीं यात्री खटरा बसों में सफर करने को विवश हैं। ऐसे में डिपो के साथ ही यात्रियों को भी नई बसों का इंतजार है।

उपलब्ध बेड़े से सभी रूटों पर बस सेवा चलाई जा रही है। नई बसें मिलने पर पिथौरागढ़ से संचालन और बेहतर होगा। – प्रेमा आर्या, वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी, पिथौरागढ़ डिपो

– पर्याप्त संख्या में नई बसें मिलने पर डीडीहाट-दून, पांगला-बरेली जैसी बंद पड़ी सेवाएं फिर से बहाल हो सकेंगी। इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। – दीपक कठायत, अध्यक्ष, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, पिथौरागढ़

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X