रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hamirpur (himachal) News:एक करोड़ खर्च, फिर भी दो साल से अधर में रोड़ा उठाऊ पेयजल योजना – 10 Million Spent, Yet A Drinking Water Supply Project Remains In Limbo For Two Years
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश)

Hamirpur (himachal) News:एक करोड़ खर्च, फिर भी दो साल से अधर में रोड़ा उठाऊ पेयजल योजना – 10 Million Spent, Yet A Drinking Water Supply Project Remains In Limbo For Two Years

November 22, 2026


जाहू (हमीरपुर)। गर्मियों में पेयजल संकट से जूझने वाले मुंडखर पंचायत के ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए शुरू की गई रोड़ा उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य पिछले दो वर्षों से अधर में लटका है। करीब एक करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि खर्च होने के बाद भी योजना का काम बंद पड़ा है।

अतिरिक्त बजट उपलब्ध न होने के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को आगामी गर्मियों में भी पानी की किल्लत सताने लगी है।

जल शक्ति विभाग उपमंडल लदरौर के अधीन इस योजना का पुनर्निर्माण ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर शुरू किया गया था। मुंडखर पंचायत के लिए लैंडी खड्ड के किनारे रोड़ा स्थित स्थान पर वर्ष 1978-79 में पेयजल योजना का निर्माण किया गया था। इस योजना के तहत पानी लिफ्ट कर मुख्य पाइपलाइन के माध्यम से चाब में बने टैंक तक पहुंचाया जाता था।

हालांकि, बाद में पानी की कमी के चलते वर्ष 2005-06 में विभाग ने इस योजना को बंद कर दिया और इसकी मशीनरी भी हटा ली थी।

इसके बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को चाब सिंचाई एवं पेयजल योजना के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाने लगी, लेकिन गर्मियों में इस योजना के स्रोत में पानी कम होने से आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। इससे ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है।

समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूर्व सरकार के कार्यकाल में रोड़ा उठाऊ पेयजल योजना के पुनर्निर्माण के लिए एससी कंपोनेंट के तहत करीब एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। इस बजट से योजना का निर्माण कार्य शुरू हुआ और कुएं, पंप हाउस तथा भंडारण टैंक का निर्माण किया गया।

हालांकि, बजट समाप्त होने के बाद काम आगे नहीं बढ़ पाया। पंप हाउस में अभी प्लास्टर और खिड़की-दरवाजे लगाने का काम बाकी है। इसके अलावा मुकाम में भंडारण टैंक का निर्माण, मुख्य पाइपलाइन बिछाना, पंप और मोटरें स्थापित करना तथा बिजली कनेक्शन लगाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य होने शेष हैं।

इन कार्यों के बिना योजना को शुरू करना संभव नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों को योजना पूरी होने और पेयजल संकट से स्थायी राहत मिलने का इंतजार है।

बॉक्स

तीन क्षेत्रों के ग्रामीणों को मिलना है योजना का लाभ

रोड़ा उठाऊ पेयजल योजना के शुरू होने से पंचायत मुंडखर और गांव तुलसी और बगवाड़ के ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। योजना के पूरा होने से विशेषकर गर्मियों में होने वाली पानी की किल्लत से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों में नंद लाल, रमेश चंद, विनोद कुमार, प्रकाश चंद, श्रीराम, प्रभु राम, रवि कुमार, मुंशी राम, अजय कुमार ने बताया कि जब योजना के निर्माण के लिए करीब एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, तो अब इसे पूरा करने के लिए आवश्यक अतिरिक्त बजट भी जल्द उपलब्ध करवाया जाना चाहिए।

कोट

रोड़ा उठाऊ पेयजल योजना से मुंड़खर, तुलसी और बगवाड़ क्षेत्र के ग्रामीणों को पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। योजना के लिए स्वीकृत राशि खर्च हो चुकी है और अतिरिक्त धनराशि की मांग उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। बजट उपलब्ध होते ही योजना का शेष निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। -राजेंद्र सिंह पठानिया, अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति मंडल भोरंज

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X