रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
शाहजहांपुर

Shahjahanpur News:हत्या के मामले में बेटों को फंसाने का आरोप, पिता ने की निष्पक्ष जांच की मांग – Allegations Of Framing Sons In A Murder Case; Father Seeks An Impartial Investigation

November 22, 2026


शाहजहांपुर। खुदागंज के मझिला गांव निवासी चंद्रपाल मौर्य ने बेटों को हत्या के मामले में झूठा फंसाने का आरोप लगाते हुए एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा बेटा बबलू सेना में कार्यरत है। सोमवार को परिवार के लोग कलक्ट्रेट में डीएम से मुलाकात करेंगे।

चंद्रपाल के अनुसार, 30 अगस्त को छोटे बेटे शिवशंकर की बेटी का नामकरण संस्कार था। दावत में शामिल रिश्तेदार खाना खाने के बाद दूसरे मकान में आराम करने चले गए थे। अगले दिन सुधीर सिंह की मौत की जानकारी मिली। आरोप है कि गांव वालों के दबाव में उनके दोनों बेटों समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई, जबकि बेटों का सुधीर से कोई विवाद नहीं था।

उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर दोबारा परीक्षण के लिए रिपोर्ट लखनऊ भेजी गई थी, जो अब तक नहीं मिली है। मृतक का अधिवक्ता भाई अवनीश बेटों की गिरफ्तारी के लिए दबाव बना रहा है।

———————————

पुलिस ने विवेचना में दुर्घटना की जताई आशंका

एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा ने बताया कि 31 अगस्त को अधिवक्ता अवनीश ने भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना दी थी। पैनल से पोस्टमॉर्टम कराने पर मौत का कारण कोमा बताया गया। एक सितंबर को मारपीट का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। खुदागंज पुलिस पर पक्षपात के आरोप लगने पर विवेचना सिंधौली थाने स्थानांतरित कर दी गई।

विवेचना के दौरान वाहन का तकनीकी परीक्षण और अन्य जांच कराई गईं। अधिवक्ता की ओर से पेश प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयानों में विरोधाभास मिलने पर लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने का प्रयास किया गया, लेकिन गवाहों की सहमति नहीं मिली। प्रतिवादी पक्ष का लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने की अनुमति भी न्यायालय ने खारिज कर दी।

एसपी ग्रामीण के अनुसार, अधिवक्ता अवनीश सिंह ने 30 अक्तूबर को उच्च न्यायालय में पक्ष रखा है, जिस पर पुलिस जवाब दाखिल कर चुकी है। मामला विचाराधीन है। जांच में घटना दुर्घटना प्रतीत होने और गैर इरादतन हत्या के साक्ष्य नहीं मिलने पर अंतरिम रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल की गई है। ऐसे में गिरफ्तारी का कोई आधार नहीं है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X