फतेहाबाद। हरियाणा में स्केटबॉल खेल को संगठित करने और ग्रामीण स्तर तक बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को एपेक्स ग्रुप ऑफ स्कूल में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खेल प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से हरियाणा स्केटबॉल एसोसिएशन की कार्यकारिणी का गठन किया गया।
यह पूरी प्रक्रिया इंडियन स्केटबॉल फेडरेशन के सह सचिव अंकुर गुप्ता तथा वाइस प्रेसिडेंट एवं टेक्निकल डायरेक्टर रवि कुमार वर्मा की देखरेख में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य हरियाणा स्केटबॉल एसोसिएशन का विधिवत पंजीकरण करवाकर प्रदेश भर में इस खेल का प्रचार-प्रसार करना रहा।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने आपसी सहमति से कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का निर्विरोध चयन किया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसमें गौरव गुरुग्राम को अध्यक्ष, प्रदीप मलिक सिरसा को उपाध्यक्ष, फतेहाबाद के प्रमोद कौशिक को महासचिव, शशिकांत बोलान फतेहाबाद को कोषाध्यक्ष तथा विजय कुमार गुरुग्राम को सह सचिव चुना गया। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में राजकुमार सोनीपत, संदीप कुमार हिसार, गुरविंदर सिंह फतेहाबाद एवं दीपक कौशिक जींद को शामिल किया गया है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी समय में प्रशिक्षण शिविरों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारा जाएगा। इसके साथ ही स्केटबॉल खेल को शहरों तक सीमित न रखकर प्रदेश के प्रत्येक जिले के गांव-देहात और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि ग्रामीण युवा भी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेर सकें।