रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
झज्जर-बहादुरगढ़

Jhajjar-bahadurgarh News:15 लाख की साइबर ठगी में जम्मू-कश्मीर से तीन आरोपी गिरफ्तार – Three Accused Arrested From Jammu And Kashmir In Connection With A 15 Lakh Cyber Fraud

November 23, 2026


झज्जर। वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन ट्रेडिंग सिखाने का झांसा देकर बहादुरगढ़ की महिला से करीब 15 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

तीनों आरोपी ईशान शर्मा निवासी मॉडल टाउन गांगयाल हाल प्रीत नगर नजदीक डिगयाना शहर जिला जम्मू, हरजोत सिंह निवासी मकान नंबर 286, दसमेश नगर, डिगयाना जम्मू, रोहित शर्मा निवासी 91ए एक्सचेंज रोड, नजदीक फॉरेस्ट ऑफिस, डोगरा हॉल, जम्मू के रहने वाले थे। पुलिस ने एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दो आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक दर्शन सिंह ने बताया कि बहादुरगढ़ निवासी सुशीला ने शिकायत दी थी कि तीन अगस्त को उनके मोबाइल पर वर्क फ्रॉम होम का मैसेज आया था। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग सिखाने और घर बैठे कमाई करने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने उन्हें मेगा कंपनी लिमिटेड टास्क ग्रुप में जोड़कर अलग-अलग टास्क दिए। शुरुआत में छोटी रकम का भुगतान कर विश्वास जीता और बाद में अकाउंट रिपेयर व टैक्स भुगतान के नाम पर अलग-अलग किस्तों में करीब 15 लाख रुपये जमा करवा लिए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बैंक खातों के रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम जम्मू-कश्मीर पहुंची और ईशान शर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर हरजोत सिंह और रोहित शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से ईशान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि अन्य दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

अनजान लिंक और ऑनलाइन कमाई के झांसे से बचें

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन टास्क और ट्रेडिंग के जरिये कम समय में अधिक मुनाफा कमाने के लालच में न आएं। किसी अनजान व्यक्ति या ग्रुप के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X