Budaun News:गंगा की उपधारा का जलस्तर बढ़ा, मेले का विधिवत उद्घाटन आज – Water Level In A Distributary Of The Ganga Has Risen; Formal Inauguration Of The Fair To Take Place Today
मेला ककोड़ा। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का विधिवत उद्घाटन आज सोमवार को शाम तीन बजे होगा। इससे पहले गंगा की उपधारा का जलस्तर तीन से चार फुट पहुंचने से प्रशासन और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। प्रशासन का कहना है कि मुख्य स्नान 24 नवंबर से पहले उपधारा का जलस्तर एक से दो फुट और बढ़ सकता है। रविवार को हजारों श्रद्धालुओं ने तीनों घाटों पर गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ लिया।
रविवार को सुबह से ही घाटों पर स्नान करने वालों की भीड़ जुटने लगी। पिछले कई दिन से गंगा की उपधारा में जल की कमी को लेकर श्रद्धालुओं और मेला प्रशासन की चिंता बढ़ी हुई थी। मुख्य धारा घाटों से दूर होने और उपधारा में जल कम होने के कारण स्नान को लेकर परेशानी की आशंका जताई जा रही थी।
प्रशासन की ओर से लगातार जलस्तर बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे थे। अब जलस्तर बढ़ने से मुख्य स्नान की तैयारियों को भी गति मिली है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मुख्य स्नान 24 नवंबर तक गंगा का जलस्तर एक-दो फुट और भी बढ़ सकता है। यदि ऐसा हुआ तो तीनों घाटों पर श्रद्धालुओं को स्नान में कोई परेशानी नहीं होगी।
जलस्तर में सुधार से कल्पवासियों में भी उत्साह है। रविवार को तीनों घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। परिवारों के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ पूजा-अर्चना की। बच्चों के मुंडन संस्कार कराने के लिए भी बड़ी संख्या में परिवार पहुंचे। परिजनों ने धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संस्कार संपन्न कराए। दिन भर घाटों पर पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा। गंगा में पानी बढ़ने से मेला ककोड़ा की रौनक बढ़ने लगी है। दुकानदारों और कल्पवासियों को भी मुख्य स्नान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा भी पहुंचेंगे
रुहेलखंड के मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का विधिवत उद्घाटन सोमवार को शाम तीन बजे होगा। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा समारोह में मुख्य रूप से शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री के आगमन को देखते हुए मेला परिसर में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियर हेलीपैड की व्यवस्था के लिए मेला स्थल पर पहुंच गए हैं। उनके निर्देशन में हेलीपैड को तैयार करने का काम कराया जा रहा है। इंजीनियर पवन कुमार गोयल ने बताया कि समारोह में मेला प्रशासक वर्षा यादव भी मौजूद रहेंगी।
कहीं उड़ रहीं पतंगें तो कहीं क्रिकेट खेल रहे बच्चे, 70 फुट ऊंचा झंडा बना आकर्षण
मेला ककोड़ा। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में गंगा किनारे आस्था के साथ ग्रामीण जीवन की रंगत भी देखने को मिल रही है। कहीं बच्चे खुले मैदान में क्रिकेट खेल रहे हैं तो कहीं रंग-बिरंगी पतंगें उड़ती नजर आ रही हैं। कल्पवासियों की राउटियों के बीच लहराते झंडे मेले की अलग पहचान बन गए हैं।
इनमें सबसे अधिक आकर्षण आंवला की गुड़िया के कैंप में लगा करीब 70 फुट ऊंचा झंडा बना हुआ है। दूर से ही दिखाई देने वाला यह झंडा लोगों का ध्यान खींच रहा है। मेला ककोड़ा की खासियत है कि यहां कल्पवासियों की बस्तियां रातोंरात बसती और उजड़ती रहती हैं। कोई परिवार पहले पहुंचकर अपनी राउटी लगा लेता है तो कोई बाद में आकर अपने लिए जगह तलाशता है। गंगा तट पर दूर-दूर तक एक जैसी राउटियां होने के कारण अपने ठिकाने तक पहुंचना कई बार मुश्किल हो जाता है। ऐसे में झंडे कल्पवासियों की पहचान बनते हैं। संवाद
बच्चों के खेल से गुलजार हैं राउटियां
मेले में कल्पवासियों के परिवारों के साथ पहुंचे बच्चे भी खूब आनंद उठा रहे हैं। खाली जगहों पर कहीं क्रिकेट खेला जा रहा है तो कहीं बच्चे पतंग उड़ाने में व्यस्त हैं। दिनभर बच्चों की किलकारियां और खेलकूद से राउटियों की बस्तियां गुलजार रहती हैं। गंगा स्नान, पूजा-पाठ और कल्पवास के साथ मेले में ग्रामीण जीवन की यह तस्वीर भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
तीनों घाटों पर बनाए गए चेंज रूम, महिलाओं को मिलेगी सुविधा
मेला ककोड़ा। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में गंगा स्नान करने आने वाली महिलाओं को अब कपड़े बदलने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। जिला पंचायत की ओर से तीनों प्रमुख घाटों पर चेंज रूम बनवा दिए गए हैं। इससे महिलाओं को स्नान के बाद कपड़े बदलने में सुविधा मिलेगी।
गंगा स्नान के दौरान महिलाओं को कपड़े बदलने के लिए उचित स्थान नहीं मिल पा रहा था। इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत ने घाटों पर चेंज रूम की व्यवस्था कराई है। मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं गंगा स्नान के लिए पहुंच रही हैं। चेंज रूम बनने से उन्हें सुविधा के साथ निजता भी मिल सकेगी। संवाद
अस्थायी अस्पताल शुरू, पहले दिन हुई 105 मरीजों की ओपीडी
मेला ककोड़ा। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं और कल्पवासियों के लिए मेला अस्पताल का संचालन शुरू हो गया है। पहले दिन 105 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। चिकित्सकों ने ओपीडी में परीक्षण कर उन्हें दवाएं दीं। वहीं एक मरीज को भर्ती कर इलाज किया गया। स्वस्थ होने पर उसे छुट्टी दे दी गई। डॉ. आदित्य विक्रम ने बताया कि अस्पताल में ओपीडी के माध्यम से मरीजों को परामर्श और दवाएं दी जा रही हैं। संवाद
रोडवेज बसें पहुंचीं, श्रद्धालुओं को मिलेगी परिवहन की सुविधा
मेला ककोड़ा। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रविवार को रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई। शाम तीन बजे से मेले में रोडवेज की बसें पहुंचना शुरू हो गईं। इससे अब गंगा स्नान और मेले में खरीदारी व भ्रमण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को रोडवेज बसों की सुविधा मिल सकेगी।
एआरएम राजेश पाठक ने मेला में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए 50 बसें लगाई गई हैं। 24 घंटे प्रत्येक आधा घंटा पर श्रद्धालुओं के लिए रोडवेज बस स्टैंड और मेला से बसें उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि भीड़ बढ़ने पर बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। वहीं रोडवेज बस का बदायूं तक का किराया 42 रुपये निर्धारित किया गया है। परिवहन की सुविधा उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत होगी। अब लोगों को निजी वाहनों और अन्य साधनों पर ही निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। संवाद
संतों की धूनी, चिलम के कश और धर्म की गूंज से आध्यात्मिक हुआ मिनी कुंभ
मेला ककोड़ा। मेला क्षेत्र में कहीं संतों की धूनी जल रही है तो कहीं चिलम के कश के बीच धर्म और अध्यात्म पर चर्चा हो रही है। संत-महात्मा श्रद्धालुओं को सदाचार, सेवा और भक्ति का संदेश दे रहे हैं। गंगा तट पर जगह-जगह संतों के डेरे और आश्रम नजर आने लगे हैं। बरेली घाट पर अस्तल मंदिर दातागंज के महंत राजेंद्र दास ने अपना डेरा जमाया हुआ है।
महंत राजेंद्र दास करीब 70 वर्षों से लगातार मेला ककोड़ा में आ रहे हैं। उनके डेरे पर प्रतिदिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है और भंडारे का आयोजन चल रहा है। मेले में स्वामी मधुसूदनाचार्य की ओर से भी भंडारा कराया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर भागवत कथाएं शुरू हो गई हैं। वहीं आर्य समाज के उपदेशकों के प्रवचन भी आज से शुरू हो गए हैं। संवाद
रूट डायवर्जन न होने से कासगंज से आने वाले भारी वाहनों से हादसे का खतरा
मेला ककोड़ा। मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। बावजूद इसके यातायात व्यवस्था को लेकर अब तक रूट डायवर्जन लागू नहीं किया गया है। कासगंज की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहन सामान्य दिनों की तरह ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इससे मेला आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के सामने हादसे का खतरा बना हुआ है। सीओ यातायात सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जल्द डायवर्जन लागू किया जाएगा। संवाद
एक-दूसरे से मिलने पहुंच रहे रिश्तेदार
मेला ककोड़ा। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में गांवों से आए परिवारों के लिए ककोड़ा मेला महज गंगा स्नान और पूजा-पाठ का अवसर नहीं, बल्कि सालभर की भागदौड़ के बीच अपनों के साथ समय बिताने का भी मौका है। शहरों और दूर-दराज के गांवों में रहने वाले रिश्तेदार यहां एक-दूसरे से मिलने पहुंच रहे हैं। किसी ने अपने तंबू के पास दूसरे रिश्तेदार के लिए भी जगह बना रखी है तो किसी ने पूरे परिवार के साथ कई दिन कल्पवास करने की तैयारी की है। सुबह होते ही कैंपों में चहल-पहल शुरू हो जाती है। महिलाएं गंगा स्नान की तैयारी करती हैं। बच्चे तंबुओं के बीच खेलते नजर आते हैं तो बुजुर्ग पूजा-पाठ और भजन में समय बिताते हैं।
चूल्हे पर सिकती बाजरे की रोटी, रिश्तों में घुलती मिठास
कैंपों के बाहर मिट्टी के चूल्हे जल रहे हैं। कहीं लकड़ियों की आंच पर दाल पक रही है तो कहीं तवे पर बाजरे की रोटियां सिक रही हैं। मक्खन, गुड़, साग और चटनी के साथ बाजरे की रोटी का स्वाद परिवार के लोगों को गांव की याद दिला रहा है। बुआ, नानी और दीदी के हाथों से बने भोजन का आनंद ही कुछ अलग है।
बरातेंगदार के रामसिंह और मोगर के अजय बोले, कल्पवास की परंपरा लोगों को आध्यात्मिक शांति देती है। वहीं रिश्तेदारों का एक साथ रहना परिवार की पुरानी परंपराओं को भी मजबूत कर रहा है।

मेला ककोेडा़ में गंगा घाट पर मुंडन कराते श्रद्धालु। संवाद

मेला ककोेडा़ में गंगा घाट पर मुंडन कराते श्रद्धालु। संवाद

मेला ककोेडा़ में गंगा घाट पर मुंडन कराते श्रद्धालु। संवाद

मेला ककोेडा़ में गंगा घाट पर मुंडन कराते श्रद्धालु। संवाद

मेला ककोेडा़ में गंगा घाट पर मुंडन कराते श्रद्धालु। संवाद

मेला ककोेडा़ में गंगा घाट पर मुंडन कराते श्रद्धालु। संवाद

मेला ककोेडा़ में गंगा घाट पर मुंडन कराते श्रद्धालु। संवाद

मेला ककोेडा़ में गंगा घाट पर मुंडन कराते श्रद्धालु। संवाद

मेला ककोेडा़ में गंगा घाट पर मुंडन कराते श्रद्धालु। संवाद

मेला ककोेडा़ में गंगा घाट पर मुंडन कराते श्रद्धालु। संवाद
