Rampur Bushahar News:विद्यार्थियों को मानसिक तनाव, चिंता और भावनात्मक संतुलन के बारे में बताया – Mental Health Awareness Seminar Organized At Seema College
सीमा कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता सेमिनार आयोजित
संवाद न्यूज़ एजेंसी
रोहड़ू। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा में समाजशास्त्र विभाग की यंग सोशियोलॉजिस्ट्स एसोसिएशन ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया। सेमिनार में विद्यार्थियों को मानसिक तनाव, चिंता और भावनात्मक संतुलन के बारे में जानकारी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रेम प्रकाश चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. भावना सॉफ्टा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। हेल्थ कंसल्टेंट एवं क्लीनिकल मैनेजर नितिका ने भी विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।कार्यक्रम के आरंभ में समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. भारत खेपान ने अतिथियों का स्वागत किया। सेमिनार में डॉ. भावना सॉफ्टा ने मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए मानसिक तनाव, चिंता और अन्य मनोवैज्ञानिक समस्याओं को समझने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि मानसिक एवं भावनात्मक समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते विशेषज्ञों से परामर्श और सहायता लेनी चाहिए। वहीं, नितिका ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसे शारीरिक स्वास्थ्य के समान महत्त्व देने पर जोर दिया। उन्होंने व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन में मानसिक स्वास्थ्य की अहम भूमिका के बारे में भी जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम प्रकाश चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मानसिक स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी मानसिक एवं भावनात्मक सेहत के प्रति सजग रहने और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कुबेर सक्टा, शिगुफ्ता सिद्दीकी, डॉ. प्रिंस, डॉ. वंदना ठाकुर और डॉ. भूपेंद्र लुंडियान सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना रहा।
