रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
दंगाई दफन, अब हर हर गंगे बना प्रदेश :पंकज चौधरी – Rioters Buried; The State Has Now Become ‘har Har Gange’: Pankaj Chaudhary
बाराबंकी

दंगाई दफन, अब हर हर गंगे बना प्रदेश :पंकज चौधरी – Rioters Buried; The State Has Now Become ‘har Har Gange’: Pankaj Chaudhary

November 23, 2026


बाराबंकी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सपा सरकार में 2012 से 2017 के बीच प्रदेश में 815 दंगे हुए। साढ़े नौ साल में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ है। दंगा करने वाले दफन हो गए हैं, आज हर हर गंगे प्रदेश बन गया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में सरदार पटेल की उपेक्षा की गई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उनके सपनों को साकार कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती को लेकर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने सरदार पटेल के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही देखा जाए तो सपा प्रमुख ने गोरखपुर में सवाल उठाया कि चौरी-चौरा कांड में पिछड़े समूह के लोग थे उनका भी नाम आना चाहिए, मैं भी कहता हूं आना चाहिए। मैं यह भी कहता हूं कि बलिदानियों के नाम को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का काम नहीं होना चाहिए, इस बात को अखिलेश यादव को ध्यान में रखना चाहिए। क्या उन्होंने आज तक अपने सहयोगी कांग्रेस युवराज से पूछा कि 75 वर्षों तक उन शहीदों को वह सम्मान क्यों नहीं मिला। कहा कि कांग्रेस में मेहनत से नहीं बल्कि गांधी परिवार की पसंद से पद और कुर्सी मिलती है।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का सपना देश को समृद्ध बनाना था। उनके इस सपने को साकार करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने सरदार पटेल के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि देश की बागडोर यदि उनके हाथ में होती तो देश का नक्शा आज कुछ और होता। उन्होंने कहा कि आजादी में राजा बलभद्र सिंह चहलारी का योगदान सबसे महत्वपूर्ण रहा, यहां के 18 लोग ऐसे हैं जिन्होंने अपना योगदान दिया।

कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला उपाध्यक्ष जंग बहादुर पटेल ने किया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, सांसद प्रियंका सिंह रावत, अवधेश कटियार, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, राजरानी रावत, बैजनाथ रावत, पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत, शशांक कुशमेश, विजय आनंद बाजपेयी, विमल वर्मा आदि मौजूद रहे।

माफिया चलाते थे सपा सरकार

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2017 से पहले माफिया सरकार चलाते थे। या यूं कहा जाए कि पूरे प्रदेश में माफिया राज था। आज माफिया माफी मांग रहे हैं। इस आजिज जनता ने मेवा खाने वालों को नकारा और सेवा करने वालों को चुना। आज माफिया दिखाई नहीं दे रहे हैं। पूरे प्रदेश में कानून का राज है। योगी सरकार ने प्रदेश को माफिया मुक्त करते हुए इसका कायाकल्प कर दिया है। यही वजह है कि 2027 में फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

निधन की सूचना पर जताया शोक

कार्यक्रम के दौरान ही सूचना आई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता का निधन हो गया। फिर क्या था पूरा कार्यक्रम ही बदल गया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जन्मदिन जोर-शोर से मनाने की तैयारी की थी। इसके बाद प्रतीकात्मक तौर पर केक काटा गया। इस दौरान सभी ने मंच पर खड़े होकर दो मिनट का मौन रख दिवंगत की आत्मा की शांति की प्रार्थना कर शोक जताया।

सरकार आई नहीं, चढ़ा रहे हैं बांहें

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा की सरकार आई नहीं है और अभी से धमकियां दी जा रही हैं। सपा कार्यकर्ताओं ने बाहें चढ़ाने का काम शुरू कर दिया है। समाज को जाति, धर्म, वर्ग के नाम पर बांटा जा रहा है। इससे सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिना परची और खर्च के प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को नौकरी मिली और प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है।

15 लोगों को बांटीं ट्राईसाइकिलें

कार्यक्रम के दौरान 15 लोगों को ट्राईसाइकिलों का वितरण किया गया। इनमें भवानी प्रसाद, रामनारायण, मो. निहाल, योगेश कुमार, अब्दुल हमीद, विपिन कुमार, अजय कुमार सहित 15 लोगों को प्रदेश अध्यक्ष ने ट्राई साइकिलें वितरित कीं। इसके अलावा मेधावियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X