Karnal News:बुजुर्गों-कामकाजी महिलाओं को आशियाना, कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के रूप में नया बाजार तैयार – Housing For The Elderly And Working Women; A New Marketplace Developed In The Form Of A Commercial Complex
करनाल। शहर में विकास की नई इमारतों के साथ सामाजिक जरूरतों को पूरा करने वाली सुविधाएं भी तैयार हुई हैं। बेघर और देखभाल से वंचित बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम, कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास और शहर की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स तैयार किया गया है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को करीब 100 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें तीन परियोजनाएं करनाल स्मार्ट सिटी मिशन और एक नगर निगम की है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कई बार बच्चों के बाहर चले जाने या पारिवारिक परिस्थितियों के कारण बुजुर्ग अकेले रह जाते हैं। कुछ घरों में उनकी ठीक से देखभाल भी नहीं हो पाती। ऐसी परिस्थितियों में वृद्धाश्रम उनके लिए सहारा बनेगा। हालांकि हर बुजुर्ग की देखभाल परिवार में ही होनी चाहिए। परिवारों को यह नहीं भूलना चाहिए कि बुजुर्गों के योगदान से ही उनका विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स से होने वाली आय का बड़ा हिस्सा शहर के विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा। वहीं, महिला छात्रावास केवल नौकरीपेशा महिलाओं के लिए ही नहीं, बल्कि ऐसी महिलाओं के लिए भी उपयोगी होगा, जिन्हें किसी कारण से घर के बजाय दूसरी जगह आश्रय की जरूरत है। अकेली महिला के लिए किराये पर मकान लेकर रहना कई बार मुश्किल होता है। ऐसी सुविधाएं दूसरे शहरों में भी विकसित की जा रही हैं। इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, मेयर रेणुबाला गुप्ता, उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा और निगम आयुक्त सलोनी शर्मा मौजूद रहे।
ये हैं चार परियोजनाएं
कामकाजी महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित और किफायती आवास
शक्ति कॉलोनी में 13 करोड़ रुपये की लागत से छह मंजिला वर्किंग वुमेन हॉस्टल तैयार किया गया है। 0.713 एकड़ में विकसित भवन का कवर्ड एरिया 5000 वर्ग मीटर है। इसमें 45 वन बीएचके कमरे और पांच डोरमेट्री हैं। कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए डाइनिंग हॉल, डे केयर हॉल, मनोरंजन कक्ष और वेटिंग एरिया है। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती आवास उपलब्ध कराना है।
कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स : व्यापार को नया ठिकाना, रोजगार के अवसर
शक्ति कॉलोनी में 3.560 एकड़ में 74.04 करोड़ रुपये से बने दो ब्लॉक में चार मंजिला कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स हैं। ब्लॉक-ए में भू-तल पर 23 दुकानें और पहली से तीसरी मंजिल तक 18 व्यावसायिक स्थान हैं। ब्लॉक-बी के भू-तल पर 21 दुकानें और ऊपर 11 व्यावसायिक स्थान हैं। दुकानों और व्यावसायिक स्थानों का आवंटन नगर निगम नीलामी से करेगा। व्यापारिक गतिविधियों के साथ निगम को राजस्व भी प्राप्त होगा।
ब्लॉक-बी की पहली मंजिल महिला एवं बाल विकास (डब्ल्यूसीडी) कार्यालय के लिए आरक्षित की गई है।वृद्धाश्रम : बुजुर्गों को मिलेगा अपनापन और बेहतर देखभाल
सेक्टर-32 में 10.10 करोड़ रुपये की लागत से चार मंजिला ओल्ड एज होम में 43 कमरे और आठ डोरमेट्री बनाई गई हैं। एक साथ 128 बुजुर्गों के रहने की क्षमता है। बुजुर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नर्सिंग स्टेशन, इंडोर गेम जोन, डाइनिंग एरिया, मनोरंजन क्षेत्र, फिजियोथेरेपी रूम और विजिटर रूम जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां बुजुर्गों को पौष्टिक भोजन, नियमित चिकित्सा सुविधा और सामाजिक सहयोग के साथ शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
मीरा सद्भावना चौक पर संगीत की धुन पर नाचेगा फव्वारा
1.55 करोड़ की लागत से मीरा सद्भावना चौक का नवीनी एवं सुंदरीकरण किया गया है। यहां संगीतमय फव्वारा, विकसित पार्क और आकर्षक सुविधाएं दी गई हैं। जहां लोग सैर सपाटे के लिए आ सकते हैं। कर्ण ताल की तर्ज पर यहां भी अब म्यूजिक की धुन पर फव्वारा नाचेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मीरा घाटी ऐतिहासिक महत्व का चौक है, इसलिए इसे विकसित किया है।

मीरा सदभावना चौक पर फव्वारे के नवीनीकरण का शुभारंभ करते केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल। सूचना विभाग– फोटो : मीरा सदभावना चौक पर फव्वारे के नवीनीकरण का शुभारंभ करते केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल। सूचना विभाग
