Bilaspur News:एम्स में मरीज के कमरे से 20 हजार रुपये चोरी, आरोपी गिरफ्तार – Rs 20,000 Stolen From A Patient’s Room At Aiims; Accused Arrested
सदर थाना पुलिस ने आरोपी से बरामद की पूरी नकदी, अर्की का रहने वाला है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर में मरीज के कमरे से 20 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी नकदी भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार कुल्लू निवासी एक महिला ने सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि एम्स में उनके कमरे से 20 हजार रुपये चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दिवेश (22) निवासी गांव स्यावता, डाकघर बलेरा, तहसील अर्की, जिला सोलन को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 20 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी। इसके अलावा क्षेत्र में हुई चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की पूरी नकदी बरामद कर ली गई है। अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर भी जांच की जा रही है।
