पंजाब की सियासत में विदेशियों का दखल:कनाडा से अमेरिका तक सक्रिय एनआरआई, 2027 के लिए दलों ने कसी कमर – Foreign Interference In Punjab Politics Nris Active From Canada To Us Political Parties Gear Up For 2027
पंजाब की विधानसभा चुनावों में विदेशों में बसे पंजाबियों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण रही है। कनाडा के ब्रैम्पटन, टोरंटो और वैंकूवर से लेकर अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के शहरों तक चुनावी गतिविधियां चलती हैं।
राजनीतिक दल चुनाव से पहले विदेशों में सभाएं और बैठकें कर प्रवासी पंजाबियों का समर्थन जुटाते हैं। कई एनआरआई छुट्टियां लेकर पंजाब पहुंचते हैं और अपने गांवों तथा विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करते हैं। सोशल मीडिया और ऑनलाइन बैठकों के जरिये भी विदेशों से चुनाव अभियान चलाए जाते हैं।
प्रवासी पंजाबियों में कुछ ऐसे भी हैं जिन्होंने विदेशों में अपना कारोबार और नौकरी छोड़कर पंजाब की राजनीति में कदम रखा। कई ने विदेशी नागरिकता त्यागकर भारतीय नागरिकता अपनाई और विधानसभा चुनाव लड़े। इनमें अवतार सिंह हेनरी, जसबीर सिंह जस्सी खंगूड़ा, कुलदीप सिंह धालीवाल और जसबीर सिंह राजा गिल जैसे नाम शामिल हैं। इनमें कुछ विधायक और मंत्री भी बने।
पंजाब की चुनावी राजनीति में 2017 का विधानसभा चुनाव एनआरआई भागीदारी के लिहाज से अहम रहा। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सफलता के बाद विदेशों में बसे पंजाबियों के एक वर्ग को पंजाब में भी राजनीतिक बदलाव की उम्मीद थी। नशे, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और बेअदबी की घटनाओं को लेकर प्रवासी पंजाबियों में नाराजगी थी।
आम आदमी पार्टी ने इस माहौल को देखते हुए ”चलो पंजाब” अभियान शुरू किया। पार्टी के विदेशी संगठन ने कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड, बेल्जियम, नॉर्वे, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और इटली में बसे पंजाबियों से संपर्क किया। कनाडा के टोरंटो में रहने वाले सुरिंदर मावी और जोबन रंधावा अभियान के प्रमुख चेहरों में शामिल थे।
पार्टी ने दावा किया था कि करीब 35 हजार एनआरआई स्वयंसेवक अभियान से जुड़े हैं और 117 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार कर रहे हैं। विदेशों से समर्थक छुट्टियां लेकर पंजाब पहुंचे और चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया। हालांकि, चुनाव में आम आदमी पार्टी को 20 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर सरकार बनाई।
कांग्रेस और अकाली दल ने भी विदेशों में जुटाया समर्थन
आम आदमी पार्टी के विदेशों में बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कांग्रेस ने भी प्रवासी पंजाबियों से संपर्क बढ़ाया। तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2016 में अमेरिका और कनाडा का दौरा किया। राणा गुरमीत सिंह सोढी, राणा गुरजीत सिंह और केवल सिंह ढिल्लों सहित पार्टी के नेताओं ने विदेशों में बसे पंजाबियों से संपर्क किया।
कांग्रेस ने शिकागो, लॉस एंजिलिस, सैन फ्रांसिस्को, टोरंटो और वैंकूवर में संपर्क अभियान चलाने की योजना बनाई। जनवरी 2017 में ब्रिटेन और कनाडा से 400 से अधिक एनआरआई कार्यकर्ताओं को पंजाब बुलाने की तैयारी की गई थी। इनके लिए अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बसों के माध्यम से प्रचार की व्यवस्था प्रस्तावित थी। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के ब्रिटेन अध्यक्ष दलजीत सिंह साहोता भी अभियान में सक्रिय थे।
शिरोमणि अकाली दल ने भी विदेशों में बसे अपने समर्थकों को सक्रिय करने के लिए अभियान चलाया। 2015 में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका का दौरा किया। इसमें सोहन सिंह ठंडल, सुरजीत सिंह रखड़ा और बलविंदर सिंह भुंदड़ शामिल थे। 2017 के चुनाव से पहले अकाली दल ने भी विदेशों से समर्थकों को पंजाब बुलाने की कोशिश की।
2022 में ऑनलाइन प्रचार पर रहा जोर
2022 के विधानसभा चुनाव में 2017 की तुलना में कम एनआरआई पंजाब पहुंचे। कोरोना महामारी इसका प्रमुख कारण रही। इसके अलावा 2017 में आम आदमी पार्टी की हार के बाद विदेशों में बसे कुछ समर्थकों में निराशा भी थी। पार्टी के अंदरूनी विवादों और नेताओं के बीच मतभेदों को लेकर भी सवाल उठे। टोरंटो के सुरिंदर मावी ने भी 2022 में पहले जैसा प्रचार अभियान नहीं चलाया।
इस चुनाव में विदेशों से सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैठकों, वीडियो संदेशों और व्यक्तिगत संपर्क के जरिये प्रचार किया गया। आम आदमी पार्टी ने चुनाव में 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई।
