Uttarkashi News:नेटबॉल चैंपियनशिप में उत्तरकाशी का दबदबा – Uttarkashi Dominates In Netball Championship
पुरुष और मिक्स्ड वर्ग में जीता खिताब
संवाद न्यूज एजेंसी
चिन्यालीसौड़। 10वीं उत्तराखंड राज्य स्तरीय सीनियर नेटबॉल चैंपियनशिप में उत्तरकाशी की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और पुरुष व मिक्स्ड दोनों वर्गों में चैंपियन बना। वहीं महिला वर्ग में देहरादून की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया।
नेटबॉल स्पोर्ट्स प्रमोशन एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही प्रथम उत्तराखंड राज्य स्तरीय सीनियर मिक्स्ड नेटबॉल चैंपियनशिप का भी आयोजन हुआ। पुरुष वर्ग में उत्तरकाशी प्रथम, टिहरी द्वितीय और ऊधमसिंहनगर तृतीय स्थान पर रहा। महिला वर्ग में देहरादून ने पहला, उत्तरकाशी ने दूसरा और ऊधम सिंह नगर ने तीसरा स्थान हासिल किया। मिक्स्ड वर्ग में उत्तरकाशी प्रथम, टिहरी द्वितीय और नैनीताल तृतीय स्थान पर रहा। समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष चिन्यालीसौड़ मनोज कोहली और जिला युवा कल्याण अधिकारी भंडारी मौजूद रहे। नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के टूर्नामेंट ऑब्जर्वर संजय सैन ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। ब्लॉक प्रमुख रणबीर सिंह मेहंत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। एसोसिएशन अध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच प्रदान करती हैं।
