Uttarkashi News:पेट्रोल की बोतल लेकर पुल के पिलर पर चढ़े पूर्व प्रधान – Former Village Head Climbs Bridge Pillar Carrying A Bottle Of Petrol
गांव का विस्थापन, मोक्ष घाट बनाने की मांग पर अड़े, जनप्रतिनिधियों ने दिया धरना
सूचना पर पहुंचे डीएम व एसपी, आश्वासन पर छह घंटे बाद पुल से उतरे पूर्व प्रधान
उत्तरकाशी। जनपद के मस्ताड़ी गांव केे पूर्व प्रधान सत्या नारायण सेमवाल गांव के विस्थापन सहित मोक्ष घाट और अन्य मांगों के निराकरण के लिए पेट्रोल की बोतल लेकर जोशियाड़ा स्थित झूला पुल के पिलर पर चढ़ गए। सूचना पर एसडीएम और पुलिस अधिकारी पहुंचे लेकिन वार्ता सफल न होने पर पूर्व प्रधान के समर्थन में पहुंचे बाड़ागड्डी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी उत्तरकाशी-लंबगांव सड़क पर धरने पर बैठ गए।
शनिवार सुबह मस्ताड़ी के पूर्व प्रधान सत्या नारायण सेमवाल अपनी तीन मांगों को लेकर जोशियाड़ा स्थित झूला पुल के पिलर पर पेट्रोल की बोतल के साथ चढ़ गए। करीब छह घंटे तक पुल पर बैठे रहे। सूचना मिलने पर एसडीएम शालिनी नेगी सहित सीओ जगदीश पंत, कोतवाल दीपक नौटियाल और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचे।
इसी बीच बाड़ागड्डी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने विस्थापन सहित मोक्ष घाट व सड़कों की मांग को लेकर उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग पर जाम लगा दिया। उसके बाद प्रशासन व पुलिस के समझाने पर स्थानीय लोगों ने जाम खोला। स्थिति को देखते हुए डीएम प्रशांत आर्य सहित एसपी कमलेश उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उसके बाद हुई वार्ता के दौरान इंद्रावती नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्य, इंद्रावती मोक्ष घाट एवं स्नान घाट से संबंधित कार्यों की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाने पर सहमति बनी।
इस कार्य में मस्ताड़ी के पूर्व प्रधान सेमवाल प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। हरि महाराज स्नान घाट के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग को इस्टीमेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे। ग्राम मस्ताड़ी के विस्थापन से जुड़े विषय पर ग्राम स्तर पर बैठक आयोजित कर चर्चा की जाएगी। इसके बाद डीएम के आश्वासन पर सेमवाल करीब छह घंटे बाद पुल से नीचे उतर गए।
