रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Jaunpur News:श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, जयघोष से गूंज उठा जनकपुर – Shri Ram Broke Lord Shiva’s Bow, Janakpur Echoed With Cheers
जौनपुर

Jaunpur News:श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, जयघोष से गूंज उठा जनकपुर – Shri Ram Broke Lord Shiva’s Bow, Janakpur Echoed With Cheers

November 23, 2026


धर्मापुर। रामदासपुर नेवादा गांव में चल रही सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के पांचवें दिन शनिवार को श्रीराम-जानकी विवाह प्रसंग सुनाया गया।

वाराणसी से आए कथावाचक अनिल पांडेय मानस वत्सल महाराज ने पुष्प वाटिका में श्रीराम और माता सीता के प्रथम मिलन से लेकर जनकपुर में भव्य विवाह तक का प्रसंग सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कथावाचक ने कहा कि भगवान श्रीराम और माता जानकी का विवाह त्रेतायुग की सबसे पावन और दिव्य घटनाओं में से एक है। महर्षि विश्वामित्र के साथ मिथिला पहुंचे श्रीराम और लक्ष्मण पुष्प वाटिका गए थे। वहां माता सीता अपनी सखियों के साथ महागौरी मंदिर में पूजन के लिए आई थीं। इसी दौरान दोनों का प्रथम मिलन हुआ।

माता सीता ने मन ही मन श्रीराम को अपना वर स्वीकार कर महागौरी से उन्हें पति रूप में पाने की प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि राजा जनक ने प्रण लिया था कि जो दिव्य शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाएगा, उसके साथ सीता का विवाह होगा। स्वयंवर सभा में बड़े-बड़े राजा धनुष उठाने में असफल रहे। इससे राजा जनक निराश हो गए और सभा में सन्नाटा छा गया।

तब गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्रीराम ने सहज ही शिव धनुष उठाकर तोड़ दिया। धनुष टूटते ही जनकपुर में जयकारे गूंज उठे। धनुष टूटने का समाचार सुनकर परशुराम क्रोधित होकर सभा में पहुंचे।

श्रीराम की विनम्रता और लक्ष्मण के संवाद के बाद उन्हें प्रभु के दिव्य स्वरूप का बोध हुआ तो उनका क्रोध शांत हो गया। राजा दशरथ बरात लेकर जनकपुर पहुंचे और भव्य विवाह संपन्न हुआ। श्रीराम का सीता से, लक्ष्मण का उर्मिला से, भरत का मांडवी से और शत्रुघ्न का श्रुतिकीर्ति से विवाह हुआ। कथा के अंत में श्रीराम और माता जानकी की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई।

इसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। आरती-पूजन के बाद प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान चंद्रचारु जायसवाल, विपिन सैनी, आशीष माली, अमन श्रीवास्तव, कृपाशंकर श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, अश्वनी श्रीवास्तव, शशि श्रीवास्तव, शंभूनाथ गुप्ता, प्रवेंद्र उपाध्याय और अश्वनी जायसवाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X