पन्ना टाइगर रिजर्व के मडियादो बफरजोन क्षेत्र में वनभूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पाटन गांव में वन विभाग की टीम ने करीब 15 एकड़ वनभूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वनभूमि पर कब्जा कर खेती करने की तैयारी में जुटे लोगों में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, पन्ना टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र मडियादो बफरजोन अंतर्गत पाटन गांव के उदयपुरा बीट क्षेत्र में वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी जेपी मिश्रा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने कक्ष क्रमांक 38 में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया।
पढ़ें: कैबिनेट बैठक में अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर, सीलिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
कार्रवाई के दौरान वन अमले ने करीब 15 एकड़ भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाते हुए कृषि कार्य के उद्देश्य से बनाई गई बाड़ी को उखाड़ दिया। इसके अलावा जमीन पर लगाए गए खूंटे भी हटाए गए और अतिक्रमण में उपयोग की जा रही सामग्री जब्त कर ली गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर नियमानुसार कार्रवाई की।
वनभूमि की सुरक्षा को लेकर सख्त हुआ विभाग
वन विभाग की इस कार्रवाई को वनभूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पन्ना टाइगर रिजर्व के संवेदनशील वन क्षेत्र में अतिक्रमण की गतिविधियों पर रोक लगाने और वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। वन अमले ने स्पष्ट किया कि वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।