रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सिर पर जलसंकट:नायन बांध में सिर्फ 47 दिन का पानी, नागदा-खाचरौद की ढाई लाख आबादी को हो सकती है पेयजल किल्लत – Water Crisis Looms Over Nagda-khachrod: Only 47 Days Of Water Left In Nayan Dam
उज्जैन

सिर पर जलसंकट:नायन बांध में सिर्फ 47 दिन का पानी, नागदा-खाचरौद की ढाई लाख आबादी को हो सकती है पेयजल किल्लत – Water Crisis Looms Over Nagda-khachrod: Only 47 Days Of Water Left In Nayan Dam

November 23, 2026


Water Crisis Looms Over Nagda-Khachrod: Only 47 Days of Water Left in Nayan Dam

नायन बांध में सिर्फ 47 दिन का पानी शेष

विस्तार

नागदा और खाचरौद क्षेत्र के करीब ढाई लाख लोगों के सामने आने वाले दिनों में पानी का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। क्षेत्र की लाइफलाइन कहे जाने वाले नायन बांध (क्रमांक 1 और 2) में अब कुल 236.44 एमसीएफटी पानी ही बचा है। जिस रफ्तार से रोजाना पानी निकाला जा रहा है, यदि समय रहते वैकल्पिक इंतजाम नहीं किए गए, तो यह पानी महज 47 दिनों में खत्म हो जाएगा।

नायन बांध से ही नागदा, खाचरौद, रेलवे और स्थानीय उद्योगों को पानी सप्लाई होता है। रोजाना करीब 5 एमसीएफटी पानी की खपत हो रही है। यदि जल्द ही जल प्रबंधन और राशनिंग (जल बजट) की ठोस योजना नहीं बनी, तो गर्मियों की शुरुआत से पहले ही घरों में नलों से आने वाले पानी में कटौती हो सकती है। आसपास के अन्य जलाशयों में पानी मौजूद होने के बावजूद वह आम लोगों के काम नहीं आ पा रहा है। अमलावदा बीका बांध (82.01 एमसीएफटी) का गेट 13 अक्टूबर से और पिपलोदा बांध (67.17 एमसीएफटी) का गेट 11 नवंबर से बंद है, जिससे नायन बांध में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जलवाल जलाशय में 75 एमसीएफटी और टकरावदा में 55 एमसीएफटी पानी है। इसके अलावा टूमनी तालाब और गोधाघाट भी हैं, लेकिन इनकी सफाई और तकनीकी जांच के बाद ही इनका पानी सप्लाई के लिए इस्तेमाल हो सकेगा।

ये भी पढ़ें- उज्जैन में शीतलहर का असर: बदल गया स्कूलों का टाइम, अब सुबह नौ बजे से पहले नहीं लगेंगी कक्षाएं; बच्चों को राहत

पानी की कमी के साथ जहर घुलने का भी खतरा

एक तरफ पानी कम हो रहा है, तो दूसरी तरफ चंबल नदी का पानी प्रदूषित होने से लोगों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है। हाल ही में चामुंडा माता मंदिर के पास नदी का पानी लाल होने और बड़ी संख्या में मछलियां मरने की घटना सामने आई है। आशंका है कि बाहरी राज्यों (गुजरात, महाराष्ट्र) और मेघनगर से टैंकरों के जरिए केमिकल वेस्ट लाकर नागदा के नालों और जमीन में खपाया जा रहा है, जो अंततः नदी में मिल रहा है। हैरानी की बात यह है कि प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही किनारे से मरी हुई मछलियां गायब हो गईं, जिससे मामले को दबाने की आशंका भी गहरा गई है।

यह है जनता की मांग



  • पेयजल को पहली प्राथमिकता- उद्योगों को दिए जाने वाले पानी की समीक्षा कर आम जनता के पीने के पानी को पहले सुरक्षित किया जाए। उद्योगों को ट्रीट किए हुए पानी के दोबारा इस्तेमाल के लिए पाबंद किया जाए।


  • बंद बांधों से पानी छोड़ने की व्यवस्था- प्रशासन तत्काल तकनीकी परीक्षण कर पिपलोदा, अमलावदा, जलवाल और टकरावदा जलाशयों का पानी सप्लाई सिस्टम से जोड़ने की तैयारी करे।


  • प्रदूषण पर सख्त कार्रवाई- चंबल नदी के पानी की लैब जांच करवाई जाए और अवैध रूप से केमिकल फेंकने वाले टैंकर माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई हो।

सख्त कार्रवाई की जाएगी

बाहरी स्रोतों से लाकर क्षेत्र में प्रदूषित जल या रसायन खपाने के मामले की जानकारी मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

– रंजना पाटीदार, एसडीएम, नागदा

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X