Kushinagar News:सायरन बजा, बिजली गुल हुई और छा गया अंधेरा – The Siren Sounded, The Power Went Out, And Darkness Descended
पडरौना। सायरन बजते ही बिजली गुल हो गई और कुछ ही देर में पुलिस लाइंस परिसर अंधेरे में डूब गया। हवाई हमले की चेतावनी मिलते ही रोशनी बंद करने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास शुरू हो गया। रविवार शाम पुलिस लाइंस में युद्धकालीन आपात स्थितियों से निपटने के लिए ब्लैकआउट और एयर रेड मॉकड्रिल आयोजित की गई।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देश पर शाम छह से साढ़े छह बजे तक चले अभ्यास में संभावित हवाई हमले से बचाव की तैयारियां परखी गईं। शाम छह बजे दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाकर चेतावनी दी गई। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। अभ्यास के दौरान घरों और कार्यालयों की खिड़कियों व दरवाजों पर पर्दे लगाकर रोशनी बाहर जाने से रोकने का तरीका बताया गया। लोगों को सुरक्षित स्थानों और निर्धारित शेल्टर होम में शरण लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
मॉकड्रिल में आगजनी, बमबारी, बाढ़ और रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाने और बचाव कार्य का अभ्यास किया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
अभ्यास पूरा होने पर स्थिति सामान्य होने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक ऑल क्लियर सायरन बजाया गया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
इस दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व) पवन कुमार, एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, सीओ राकेश प्रताप सिंह, सदर एसडीएम विवेक कुमार मिश्र और जिला आपदा विशेषज्ञ रवि राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
