Faridabad News:छात्रावास के नए भवन का भूमि पूजन – Ground-breaking Ceremony For The New Hostel Building
कैबिनेट मंत्री ने 31 लाख रुपये देने की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेवा भारती हरियाणा प्रदेश की ओर से संचालित श्री राघव निलयम आवासीय परिसर के नवीन छात्रावास के भवन निर्माण के लिए रविवार को भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छात्रावास निर्माण के लिए 31 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. सुरेंद्र पाल मुख्य वक्ता रहे, जबकि आनंद कुमार जैन ने अध्यक्षता की। हवन के बाद विधिवत भूमि पूजन किया गया। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि छात्रावास निर्माण जैसे पुनीत कार्य में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देना चाहिए। उन्होंने 31 लाख रुपये की सहयोग राशि अर्पित करते हुए इस सेवा कार्य को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. सुरेंद्र पाल ने कहा कि सेवा भारती का कार्य समाज के लिए और समाज की ओर से किया जाता है। सेवा भारती हरियाणा प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. यशदेव त्यागी ने बताया कि प्रदेश में सात छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम अध्यक्ष आनंद कुमार जैन ने समाज सेवा को प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य बताते हुए छात्रावास निर्माण में सहभागिता की अपील की।
