कार्तिक मास की दूसरी सवारी:प्रजा का हाल जानने शाही ठाठ-बाट से निकले राजाधिराज महाकाल, रजत पालकी से दिए दर्शन – Lord Mahakal Steps Out In Royal Splendor For Second Kartik Procession In Ujjain
अवंतिकानाथ भगवान श्री महाकालेश्वर ने कार्तिक मास के दूसरे सोमवार को अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण किया। श्रावण-भाद्रपद की ही तरह कार्तिक माह में भी आस्था का वही सैलाब देखने को मिला, जब शाम 4 बजे महाकालेश्वर मंदिर से भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर की दूसरी सवारी पूरे शाही वैभव और उल्लास के साथ निकाली गई। नगर भ्रमण पर निकलने से पूर्व मंदिर के सभामंडप में पुजारी आशीष शर्मा ने भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात जैसे ही भगवान रजत पालकी में विराजित होकर मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंचे, सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने राजाधिराज को गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) देकर नगर भ्रमण के लिए विदा किया।
कड़ाबीन की गूंज और भजनों की स्वरलहरियों से गूंजा शहर
सवारी के सबसे आगे मंदिर का प्रचार वाहन और तोपची कड़ाबीन की गूंज के साथ महाकाल के आगमन की उद्घोषणा करते चल रहे थे। उनके पीछे घुड़सवार दल, पुलिस बैंड, महाकालेश्वर मंदिर बैंड की मधुर धुनों और भजन मंडलियों के जयकारों ने पूरे माहौल को शिवमय बना दिया। मार्ग के दोनों ओर खड़े हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर अपने आराध्य के दर्शन किए।
ये भी पढ़ें- महाकाल भस्म आरती दर्शन के नाम पर ठगी, कमीशन के लालच में इंस्टा पर डाली रील; गाजियाबद से युवक गिरफ्तार
क्षिप्रा तट पर जलाभिषेक और पारंपरिक मार्ग से वापसी
महाकाल मंदिर से शुरू होकर सवारी गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए पावन क्षिप्रा तट (रामघाट) पहुंची। यहां मां क्षिप्रा के जल से भगवान का विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद सवारी गणगौर दरवाजा, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड और छत्री चौक होते हुए गोपाल मंदिर पहुंची, जहाँ परंपरागत पूजन हुआ। अंत में पटनी बाजार और गुदरी चौराहा होते हुए सवारी पुनः महाकालेश्वर मंदिर लौट आई।
प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौजूद
इस भव्य आयोजन के दौरान मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक तथा पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पुजारी-पुरोहित गण सवारी में शामिल रहे।
अब निकलेगी यह सवारी
• तृतीय सवारी: सोमवार, 30 नवंबर 2026
• चतुर्थ सवारी (राजसी सवारी): सोमवार, 07 दिसंबर 2026

बाबा महाकाल की सवारी

बाबा महाकाल की सवारी

बाबा महाकाल की सवारी
