सोनभद्र। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले के छह युवाओं ने राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में जगह बनाई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित चैलेंज ट्रैक डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप के पीपीटी राउंड में प्रतिभागियों ने जनसांख्यिकीय लाभांश एवं मानव पूंजी विकास विषय पर प्रेजेंटेशन दिया। प्रतियोगिता में युवाओं ने देश की युवा आबादी की क्षमता, कौशल विकास, शिक्षा और मानव संसाधन के बेहतर उपयोग जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। निर्णायक मंडल ने विषय की समझ, प्रेजेंटेशन और प्रस्तुतीकरण के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों में ओबरा की भव्या सिंह और आयुष चौधरी, अनपरा की नमीरा अली और अनंत श्रीवास्तव, रेणुकूट की तृषा गोस्वामी तथा रॉबर्ट्सगंज के तौफीक शामिल हैं। एडीएम रोहित यादव और एसडीएम (न्यायिक) दुद्धी मोहम्मद जफर ने चयनित प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। निर्णायक मंडल में जिला क्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद, राजकीय महिला महाविद्यालय रॉबर्ट्सगंज की प्रोफेसर डॉ. वंदना कुमारी, राजकीय पीजी कॉलेज ओबरा की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रेम सुंदरी और राजकीय महिला महाविद्यालय रॉबर्ट्सगंज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. बृजेश कुमार यादव शामिल रहे। जिला युवा कल्याण अधिकारी दिनेश कुमार ने चयनित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की अपील की। इस दौरान व्यायाम प्रशिक्षक प्रदीप कुमार सिंह और कनिष्ठ सहायक महफूज अली खान आदि मौजूद रहे।