रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सुल्तानपुर

Sultanpur News:बैठक में नहीं पहुंचा पीड़ित छात्र – The Victimized Student Did Not Arrive At The Meeting

November 23, 2026


अमहट। दूबेपुर स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में रैगिंग के आरोपों की जांच एक बार फिर आगे नहीं बढ़ सकी। सोमवार को बुलाई गई एंटी रैगिंग समिति की बैठक में शिकायतकर्ता एमबीबीएस छात्र शामिल नहीं हुआ। ऐसे में उसका पक्ष नहीं सुना जा सका और बैठक बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई।

अयोध्या निवासी एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र ने वरिष्ठ छात्रों पर अभद्रता और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। मामले में कॉलेज प्रशासन ने दो वरिष्ठ छात्रों को निलंबित भी किया था। हालांकि शिकायतकर्ता ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि उसकी शिकायतों की अनदेखी करने वाले अधिकारी ही जांच प्रक्रिया में शामिल हैं। उसने गवाहों पर बयान बदलने का दबाव बनाए जाने का आरोप भी लगाया था।

सोमवार को हुई बैठक में शामिल न होने के संबंध में छात्र ने कॉलेज प्रशासन को ई मेल भेजा। इसमें उसने परिसर में खुद को असुरक्षित महसूस करने की बात कही। छात्र ने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने में असमर्थता जताते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समिति के सामने अपना पक्ष रखने की अनुमति मांगी।

उसका कहना है कि बिना उसका पक्ष सुने जांच करना निष्पक्ष नहीं होगा। प्राचार्य डॉ. हरेंद्र यादव ने छात्र के बैठक में शामिल नहीं होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि छात्र को बैठक में बुलाया गया था, लेकिन वह व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सका। उसने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ने का अनुरोध किया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X