Ballia News:ददरी मेला-2023 की विज्ञापन सूचना न देने पर बलिया के ईओ पर 25 हजार का जुर्माना – Rs 25000 Fine Imposed On Ballias Executive Officer For Failing To Issue An Advertisement Notice For The Dadri Mela2023
बलिया। ददरी मेला-2023 से जुड़ी विज्ञापन संबंधी सूचनाएं उपलब्ध न कराने पर राज्य सूचना आयोग ने नगर पालिका परिषद बलिया के अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। आयोग ने इसे सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों की अवहेलना मानते हुए यह जुर्माना अधिरोपित किया है।
यह मामला ददरी मेला-2023 के दौरान जारी निविदाओं और विज्ञापन संबंधी सूचनाओं से जुड़ा है। अपीलकर्ता उपेंद्र नाथ तिवारी ने नगर पालिका से निविदा प्रकाशन, समाचार पत्रों में प्रकाशित विज्ञापनों, भुगतान और संबंधित अभिलेखों की जानकारी मांगी थी। आरोप है कि निर्धारित समय में सूचनाएं नहीं दी गईं, जिसके बाद मामला राज्य सूचना आयोग पहुंचा।
आयोग ने सुनवाई के दौरान पाया कि कई अवसर दिए जाने के बावजूद जनसूचना अधिकारी की ओर से न तो अपीलकर्ता को वांछित सूचनाएं उपलब्ध कराई गईं और न ही संतोषजनक स्पष्टीकरण दिया गया। इस पर आयोग ने आरटीआई अधिनियम के तहत 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। साथ ही अधिशासी अधिकारी को 15 दिनों के भीतर आवेदन के क्रम में मांगी गई सूचनाएं व संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 17 दिसंबर 2026 को होगी।
