Pratapgarh News:जेल में निरुद्ध कैदी की मौत पर परिजनों ने जताया हत्या का शक – Family Members Suspect Murder Following The Death Of An Inmate In Jail
नैनी जिला जेल में निरुद्ध कैदी शिबू (34) की रविवार शाम एसआरएन में मौत हो गई। उसकी मौत को लेकर परिजनों ने संदेह जताते हुए जेल में ही हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। परिजनों का कहना है कि रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वीडियो कॉल पर शिबू से पांच मिनट तक बात हुई थी। इसके कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने और फिर अस्पताल में मौत होने की सूचना दी गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए कागजी कार्रवाई में देरी पर भी सवाल उठाए हैं।
मृतक के भाई शेर अली के मुताबिक, उनका परिवार प्रतापगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र का रहने वाला है। जेल जाने से पहले शिबू अपनी पत्नी और बेटी के साथ मऊआइमा में रहता था। वह हत्या के एक मामले में पिछले 10 साल से जेल में निरुद्ध था। शेर अली ने बताया कि रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जेल से वीडियो कॉल के जरिये शिबू से बात हुई थी। बातचीत करीब पांच मिनट तक चली। इसके कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली। बाद में पता चला कि अस्पताल में उसकी मौत हो गई है।
मृतक की बुआ नाजनीन ने भी मौत को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि परिवार को कुछ लोगों से ऐसी जानकारी मिली है कि शिबू की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई थी। शव कुछ देर बाद ही मोर्चरी में पहुंचा दिया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम के लिए जरूरी कागजात तैयार कराने में पुलिस को एक दिन लग गया। इस वजह से पोस्टमार्टम करीब 24 घंटे बाद शुरू हो सका। परिजनों का कहना है कि इन परिस्थितियों के कारण उन्हें शिबू की मौत संदिग्ध लग रही है। वहीं, जिला जेल अधीक्षक अमित दुबे ने बताया कि रविवार शाम इलाज के दौरान कैदी की मौत हुई थी। परिजनों को सूचना देने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराकर शव उनके सुपुर्द कर दिया गया है।
