Kannauj News:युवक के साथ दावत में गए वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या की आशंका – Elderly Man Who Went To A Feast With A Youth Dies Under Suspicious Circumstances; Murder Suspected
सौरिख (कन्नौज)। गांव निवासी युवक और उसके भतीजे के साथ दावत में गए वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी ने पीटने के बाद हत्या की आशंका जताई है। उनके अनुसार पति के बाएं हाथ में गंभीर चोट थी और शरीर पर भी कई जगह चोटों के निशान थे। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सौरिख क्षेत्र के मझगवां निवासी बृजेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू (57) रविवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद घर पर लेटे थे। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति अपने भतीजे के साथ ई-रिक्शा लेकर उनके घर पहुंचा। दोनों ने तालग्राम थाना क्षेत्र के नगला मान में दावत में चलने को कहा। ब्रजेंद्र ने निमंत्रण न होने की बात कहकर जाने से मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उन्हें ई-रिक्शा से अपने साथ ले गए। करीब तीन घंटे बाद रात 11 बजे आरोपी ब्रजेंद्र को गंभीर हालत में लेकर घर पहुंचे। उसने पत्नी सुमन से पति के नशे में होने की बात कहकर उन्हें ई-रिक्शा से उतारने को कहा।
पति की हालत गंभीर देखकर सुमन बेटे अनुज के साथ उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुमन ने पति की मौत को लेकर गांव के युवक और उसके भतीजे पर संदेह जताया है। उसका कहना है कि पति के बाएं हाथ की हड्डी टूटी हुई थी और शरीर के कई हिस्सों पर चोटों के निशान थे। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर उसने मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
