Jalandhar News:कीरतपुर साहिब ट्रक यूनियन में खूनी झड़प, कई घायल – Bloody Clash At Kiratpur Sahib Truck Union; Several Injured
कीरतपुर साहिब। कीरतपुर साहिब की ट्रक यूनियन में सोमवार को प्रधानगी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान लोहे की पाइपों, लाठियों और डंडों का इस्तेमाल हुआ। गोली चलने की बात भी सामने आई है। झड़प में कई लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कार्यकारी प्रधान बलवीर सिंह शाहपुर बेला ने दूसरे धड़े पर हमले का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने उन पर लोहे की पाइपों और लाठियों से हमला किया। मौके पर खून बिखरा था और कई लोगों की पगड़ियां भी उतर गईं। यूनियन की प्रधानगी को लेकर पिछले कई महीनों से दो पक्षों में विवाद चल रहा है। एक पक्ष गुरवीर सिंह का है। इस पक्ष का कहना है कि बलवीर सिंह जबरन प्रधान बनने की कोशिश कर रहे हैं। बलवीर सिंह का दावा है कि अधिकांश ट्रक ऑपरेटर उनके साथ हैं। पुलिस प्रशासन घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गया। थाना कीरतपुर साहिब के थाना प्रभारी सुनील कुमार ने घटनास्थल पर बयान दर्ज किए और जांच शुरू की। पुलिस गोली चलने तथा हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
