रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उदयपुर:थाना प्रभारी के नाम पर एएसआई ने मांगी दो लाख की रिश्वत, शिकायत मिलते ही ऋषभदेव थाने पहुंची एसीबी – Udaipur: Asi Demands A Bribe Of Two Lakh Rupees In The Name Of The Station House Officer (sho)
उदयपुर

उदयपुर:थाना प्रभारी के नाम पर एएसआई ने मांगी दो लाख की रिश्वत, शिकायत मिलते ही ऋषभदेव थाने पहुंची एसीबी – Udaipur: Asi Demands A Bribe Of Two Lakh Rupees In The Name Of The Station House Officer (sho)

November 23, 2026


Udaipur: ASI demands a bribe of two lakh rupees in the name of the Station House Officer (SHO)

भारतीय मुद्रा

विस्तार

उदयपुर जिले के ऋषभदेव पुलिस थाना क्षेत्र में एक शराब तस्कर को छोड़ने के बदले दो लाख रुपये की घूस मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सहायक उपनिरीक्षक ने थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक हेमंत अहारी के नाम पर आरोपी से दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित की शिकायत पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सोमवार तड़के ऋषभदेव थाने में दबिश दी और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी।

अवैध शराब की जब्ती और रिश्वत की मांग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले सहायक उपनिरीक्षक रणजीत और कांस्टेबल कैलाश मीणा ने अवैध शराब से भरी एक कार को जब्त किया था। इस दौरान कार में सवार तीन युवकों को पुलिसकर्मियों ने हिरासत में ले लिया था। आरोप है कि तीनों युवकों को थाने लाकर उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उन्हें रिहा करने के बदले दो लाख रुपये की मांग रखी गई। पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को आश्वासन दिया कि यदि वे रुपये का इंतजाम कर देंगे तो उन्हें पाबंद करके छोड़ दिया जाएगा। बातचीत के दौरान रुपये देने पर सहमति बन गई, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने एक आरोपी को छोड़ दिया।

पढे़ं: एसएमएस अस्पताल में ब्लड का सौदा, एक यूनिट के मांगे पांच हजार रुपये, आरोपी हिरासत में

एसीबी की कार्रवाई और आगे का अनुसंधान

हिरासत से छूटे आरोपी ने सीधे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही एसीबी की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। ब्यूरो की विशेष इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के निर्देशन में एसीबी टीम सोमवार तड़के करीब 3:00 बजे ऋषभदेव थाने पहुंच गई। एसीबी टीम ने थाने में पहुंचते ही संबंधित साक्ष्य और दस्तावेज जुटाने शुरू कर दिए। टीम प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है। संलिप्त पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X