Faridabad News:भूस्खलन से बचाव के लिए पूर्व चेतावनी प्रणाली पर जोर, फरीदाबाद में जुटे अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ – Focus On Early Warning Systems For Landslide Mitigation; International Experts Gather In Faridabad
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किया सातवें विश्व भूस्खलन मंच का उद्घाटन, 27 नवंबर तक चलेगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-88 स्थित अमृता विश्व विद्यापीठम के फरीदाबाद परिसर में सोमवार को सातवें विश्व भूस्खलन मंच (डब्ल्यूएलएफ-7) का उद्घाटन हुआ। भारत और दक्षिण एशिया में पहली बार आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच में 75 देशों से 700 से अधिक शोधपत्र और सार प्राप्त हुए हैं। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उद्घाटन सत्र को संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत भूस्खलन जैसी आपदाओं से निपटने के लिए पहले से तैयारी और पूर्वानुमान पर काम कर रहा है। हिमालय, पूर्वोत्तर और पश्चिमी घाट के संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का जोखिम कम करने के लिए उपग्रह, सेंसर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी पूर्व चेतावनी व्यवस्था विकसित करना जरूरी है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सके।
उद्घाटन के दौरान प्रस्तावित फरीदाबाद घोषणा-पत्र भी विचारार्थ प्रस्तुत किया गया। इसमें भूस्खलन के जोखिम को कम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग, सुरक्षित निर्माण, बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
अमृता विश्व विद्यापीठम की प्रो-वाइस चांसलर और मंच की अध्यक्ष डॉ. मनीषा विनोदिनी रमेश ने कहा कि भूस्खलन से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए वैज्ञानिक शोध के साथ सरकारों, संस्थानों और प्रभावित समुदायों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने केरल के मुन्नार में पूर्व चेतावनी के लिए वायरलेस सेंसर नेटवर्क विकसित किया है। इसके बाद सिक्किम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निगरानी का विस्तार किया गया। मंच में शोधकर्ता, इंजीनियर, नीति-निर्माता और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ भूस्खलन के जोखिम को कम करने और वैज्ञानिक तकनीकों को व्यवहार में लागू करने पर चर्चा कर रहे हैं। यह आयोजन 27 नवंबर तक चलेगा।
