रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरमौर

Sirmour News:फास्ट फूड के जायके से जलेबी की मिठास फीकी – The Sweetness Of Jalebi Pales In Comparison To The Flavors Of Fast Food

November 23, 2026


एक दशक में जलेबी के कारोबार में गिरावट, युवा चाऊमीन, मोमोज और पिज्जा की ओर आकर्षित

पहले जलेबी का 250 क्विंटल तक होता था कारोबार, अब घटकर 80 से 90 क्विंटल

संवाद न्यूज एजेंसी

ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेला मैदान में अब जलेबी की पारंपरिक मिठास पर फास्ट फूड का स्वाद भारी पड़ने लगा है। इस मेले में जलेबी खिलाना और खाना वर्षों पुरानी परंपरा के साथ मेहमाननवाजी और प्रेम का प्रतीक भी रहा है। यही वजह है कि कभी मेले में 60 फीसदी से अधिक दुकानें हलवाइयों की हुआ करती थीं। अब इनकी जगह फास्ट फूड लेना लगा है।

एक अनुमान के मुताबिक, पहले रेणुकाजी मेले में 200 से 250 क्विंटल तक जलेबी का कारोबार होता था, जो अब घटकर करीब 80 से 90 क्विंटल रह गया है। मेले में जलेबी का पुश्तैनी कारोबार करने वाले लाला विनोद गोयल बताते हैं कि उनका परिवार चार पीढ़ियों से यहां दुकान लगाता आ रहा है। पिछले एक दशक में खानपान की बदलती पसंद और फास्ट फूड के बढ़ते चलन ने जलेबी के कारोबार को प्रभावित किया है।

उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी अब जलेबी के बजाय चाऊमीन, बर्गर, पिज्जा, मोमोज, डोसा और स्प्रिंग रोल जैसे व्यंजनों को अधिक पसंद कर रही है। इसके चलते जलेबी के कारोबार में पहले जैसी रौनक नहीं रही।

छिपकली झूले पर भीड़, भूत बंगला भी आकर्षण

रेणुकाजी मेले में इस बार मिक्सचर झूला युवाओं की पहली पसंद बना हुआ है। इसे छिपकली झूले के नाम से भी जाना जा रहा है। इसकी खासियत यह है कि इसमें बैठने के बजाय युवा एक-दूसरे से चिपककर खड़े रहते हैं। इसके अलावा पहली बार मेले में लगा भूत बंगला भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसमें भूत और कंकाल के पुतले आपस में बातें करते हुए हैरतअंगेज करतब दिखाते हैं।

मेले के मनोरंजन स्थल पर ड्रैगन, उछल-कूद, मिक्की माउस, हिंडोले, ट्रेन और मोटरसाइकिल और कार की सवारी सहित कई तरह के झूले लगाए गए हैं, लेकिन सबसे अधिक भीड़ छिपकली झूले पर उमड़ रही है। झूले के मालिक महेश कुमार ने बताया कि युवाओं में मिक्सचर और भूत बंगले को लेकर खासा उत्साह है। इन झूलों में सवारी के लिए लोगों को आधे से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है और टिकट हाथोंहाथ बिक रहे हैं।

महिलाओं ने ददाहू से रेणुकाजी तक निकाली स्वच्छता रैली

ददाहू। स्वच्छ भारत मिशन के तहत एकल अभियान आंचल श्री रेणुकाजी की ओर से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें अभियान से जुड़ी महिलाओं ने ददाहू से रेणुकाजी तीर्थ तक करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों, गलियों और रास्तों में फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित किया गया। महिलाओं ने मेले में पहुंचे लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और नारों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। आंचल प्रमुख संदीप शर्मा ने बताया कि अभियान में दिनेश कुमार, रमेश, रक्षा देवी, प्रोमिला, किशन सिंह और रणदीप सहित एकल अभियान के आचार्य मौजूद रहे।

निर्वाण आश्रम पहुंचे भगवान परशुराम

ददाहू। रेणुकाजी मेले के दौरान कार्तिक चौदस पर सोमवार शाम भगवान परशुराम निर्वाण आश्रम श्री रेणुकाजी पहुंचे। मेले की परंपरा के अनुसार भगवान परशुराम एक रात निर्वाण आश्रम आते हैं। इस दौरान आश्रम के संत-महात्माओं, सेवकों और श्रद्धालुओं को उनके दर्शन का सौभाग्य मिलता है। आश्रम के महंत महात्मा रेणेंद्र मुनि ने चारों देव पालकियों की शोभायात्रा की अगवानी की। उन्होंने मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर देवताओं का अभिनंदन किया। उन्हें आश्रम में बनाए विशेष पंडाल तक पहुंचाया। इस मौके पर महात्मा शिव स्वरूप दास, महात्मा सुशांत मुनि, गोपाल मुनि, पारस मुनि, चेतन मुनि, मोहन चंद्र शास्त्री, डॉ. मेहर चंद सैनी, बरखा राम चौधरी सहित अन्य संत-महात्मा, गुरु भक्त और आश्रम के सेवक मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X