जिले में बढ़ती शीतलहर और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत दी है। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार खत्री ने नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है।
नए आदेश के अनुसार, सोमवार से जिले के सभी स्कूल सुबह 9 बजे या उसके बाद ही संचालित होंगे। सुबह 9 बजे से पहले किसी भी स्थिति में स्कूल नहीं लगाए जा सकेंगे। यह आदेश सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आईसीएसई, एमपी बोर्ड तथा अन्य बोर्ड से संबद्ध स्कूलों पर भी लागू होगा।
ये भी पढ़ें- बाबा का वैष्णव तिलक से हुआ श्रृंगार, मुकुट और मुंडमाला किया धारण; जय श्री महाकाल से गूंजा मंदिर
इसलिए यह निर्णय लिया
जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। इसके पालन के लिए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयक और स्कूलों के प्राचार्यों व प्रधानाध्यापकों को निर्देश भेजे गए हैं। प्रशासन का कहना है कि गिरते तापमान के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर न पड़े, इसलिए यह निर्णय लिया गया है।
सुबह की ठंड से बच्चों को मिलेगी राहत
अब तक कई स्कूलों में सुबह 7:30 से 8 बजे के बीच कक्षाएं शुरू हो रही थीं। इसके चलते छोटे बच्चों को सुबह करीब 6 बजे उठकर स्कूल के लिए निकलना पड़ता था। सर्द हवाओं और कोहरे के बीच बस, वैन या पैदल स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ठंड के कारण सर्दी-जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा था। स्कूलों का समय सुबह 9 बजे या उसके बाद होने से बच्चों को सुबह की कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी।