Almora News:कनौरा में चकबंदी शुरू होने से भड़के किसान – Farmers In Kanaura Outraged Over The Commencement Of Land Consolidation
बाजपुर। गांव कनौरा में चकबंदी प्रक्रिया शुरू होने से नाराज किसान और ग्रामीणों ने एसडीएम का घेराव कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने गांव में चकबंदी नहीं कराने की मांग की है।
सोमवार को गांव कनौरा के किसान और ग्रामीण एकत्र होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर एसडीएम ऋचा सिंह का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 1992 में ही चकबंदी संबंधी शासनादेश जारी हो चुका है। एक पखवाड़े से चकबंदी कर्मचारियों का गांव में आना-जाना शुरू हो गया है। उन्होंने ग्रामीणों की सहमति पर ही चकबंदी की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
किसानों ने बताया कि तहसील के ग्राम कनौरी, जगन्नाथपुर, सरकड़ी, रम्पुरा काजी, मढैया रतना, ताली और नूरपुर के साथ ही गांव कनौरा के लिए आदेश जारी हुए थे लेकिन उक्त गांवों में चकबंदी बिना हुए ही अभिलेख राजस्व विभाग को उपलब्ध करा दिए गए। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि गांव कनौरा में चकबंदी की प्रक्रिया शुरू होने से किसानों के बीच विवाद बढ़ सकते हैं।
ज्ञापन की प्रति डीएम, बंदोबस्त अधिकारी रुद्रपुर और चकबंदी निदेशक देहरादून को भी भेजी गई है। वहां फैसल, मेंहदी हसन, अबरार हुसैन, वीर सिंह, गुस्तफा, राजा, फिरोज, महमूद, इरशाद, खूब सिंह आदि थे।
