Uttarkashi News:लंदन के व्यवसायी ने अटल उत्कृष्ट जीआईसी गुंदियाट गांव को लिया गोद – London-based Businessman Adopts Atal Utkrisht Gic Gundiat Village
स्कूल को कंप्यूटर और स्मार्ट बोर्ड दिया, अब सरकारी स्कूल में भी होगी डिजिटल पढ़ाई
फोटो सहित
पुरोला। पहाड़ के एक छोटे से गांव के सरकारी स्कूल में अब पढ़ाई सिर्फ किताबों और ब्लैकबोर्ड तक सीमित नहीं रहेगी। यहां के बच्चे भी डिजिटल दुनिया से रूबरू होंगे और स्मार्ट बोर्ड पर देश-दुनिया को समझेंगे। वह कंप्यूटर के माध्यम से तकनीक की नई इबारत लिखेंगे। ग्रामीण और शहरी शिक्षा के बीच डिजिटल दूरी मिटाने की इसी सोच के साथ लंदन के व्यवसायी एवं समाजसेवी राज भट्ट ने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गुंदियाट गांव को गोद लिया है।
राज भट्ट ने विद्यालय को स्मार्ट बोर्ड और एक कंप्यूटर भेंट किया है। इतना ही नहीं उन्होंने विद्यालय को पांच और कंप्यूटर उपलब्ध कराने की घोषणा कर ग्रामीण बच्चों के भविष्य को संवारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थी अब कठिन विषयों को तस्वीरों, वीडियो और डिजिटल प्रस्तुतियों के जरिये आसानी से समझ सकेंगे। वहीं कंप्यूटर उपलब्ध होने से उन्हें डिजिटल साक्षरता, तकनीकी ज्ञान और भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार होने का अवसर मिलेगा। प्रधानाचार्य देवेंद्र सजवाण ने कहा कि यह सहयोग ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बेहद प्रेरणादायी है। इस अवसर पर आनन्द सिंह जयाड़ा, पीटीए अध्यक्ष संजय बडोनी, नितिन रावत, कवीन्द्र चौहान, मनवीर रावत, ओमप्रकाश नेगी, दीपक नेगी मौजूद रहे।
