रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मिर्ज़ापुर

Mirzapur News:पूर्व विधायक पर पैतृक संपत्ति पर अवैध निर्माण का आरोप – Former Mla Accused Of Illegal Construction On Ancestral Property

November 24, 2026


प्रदीप कुमार चौरसिया ने जिलाधिकारी से पैतृक संपत्ति पर अवैध निर्माण रोकने और उसे कुर्क करने की मांग की है। उन्होंने अपने भाइयों पर बंटवारे के मुकदमे के बावजूद जबरन निर्माण कराने का आरोप लगाया है। प्रदीप चौरसिया ने समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक कैलाश नाथ चौरसिया पर राजनीतिक दबाव का इस्तेमाल करने का भी दावा किया है।

प्रदीप कुमार चौरसिया ने जिलाधिकारी को दो प्रार्थना पत्र दिए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर वर्ष 2025 में एक वाद न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद, उनके भाई कैलाश नाथ चौरसिया, राजेश कुमार चौरसिया और विजय कुमार चौरसिया संपत्ति की प्रकृति बदलने का प्रयास कर रहे हैं। चौरसिया के अनुसार, प्रतिवादीगण ने 10 से 16 नवंबर 2026 के बीच निर्माण कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्माण प्रशासन की मिलीभगत से हुआ है। प्रदीप ने निर्माण रोकने का प्रयास किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिली। प्रदीप चौरसिया ने आरोप लगाया है कि रतनगंज स्थित निर्माणाधीन मकान पर सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 145 की कार्रवाई लंबित है। इसके बावजूद, निर्माण जारी है और यह विकास प्राधिकरण के नक्शे के बिना हो रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से इस अवैध निर्माण को नियमानुसार कुर्क करने की अपील की है। चौरसिया ने लंबित 145 की कार्रवाई पर भी कार्रवाई कराने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाइयों ने उन्हें काम रोकने पर जान से मारने की धमकी दी है।

भाइयों के पैतृक संपत्ति विवाद में नगर मजिस्ट्रेट ने निर्माण रोका

मिर्जापुर। इस मामले में नगर मजिस्ट्रेट ने निर्माण कार्य तत्काल रोकने का आदेश दिया है। प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली कटरा की 16 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के आधार पर नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने कार्रवाई की। रिपोर्ट में रतनगंज मोहल्ले में पुश्तैनी भूमि पर हो रहे निर्माण से शांति भंग की आशंका जताई गई थी। नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने बताया कि शनिवार को प्रभारी निरीक्षक को तत्काल निर्माण रोकने का निर्देश दिया गया। साथ ही दोनों पक्षों को दो दिसंबर 2026 को अभिलेखीय साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए भी कहा है। शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी प्रकार का विवाद न करने के लिए कहा गया है।

मुझ पर लगाया जा रहा आरोप निराधार है और भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के इशारे पर मुझे बदनाम करने की राजनीतिक साजिश की जा रही है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है और माननीय न्यायालय से जो निर्णय होगा वही सभी लोग मानेंगे। – कैलाश चौरसिया, पूर्व मंत्री

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X