Mahoba News:पैरों की विकृति से पीड़ित अंशु का होगा निशुल्क इलाज – Anshu, Who Suffers From A Foot Deformity, Will Receive Free Treatment
अजनर (महोबा)। पैरों की जन्मजात विकृति (क्लब फुट) से पीड़ित नौ वर्षीय अंशु का अब निशुल्क उपचार होगा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस दिशा में पहल करते हुए प्राथमिक परीक्षण के बाद बालक को जिला अस्पताल भेजा है जहां उसका इलाज शुरू हो गया है।
ब्लॉक जैतपुर के बघौरा गांव निवासी अजय का पुत्र अंशु जन्म से ही इस बीमारी से ग्रस्त है। जानकारी मिलने पर आरबीएसके की टीम उसे सीएचसी जैतपुर लाई। वहां अधीक्षक डॉ. पीके सिंह ने बालक की जांच कर बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल महोबा रेफर कर दिया। अधीक्षक ने बताया कि आरबीएसके योजना के अंतर्गत बालक को पूरी तरह निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं पिता अजय ने उम्मीद जताई है कि समय पर उचित इलाज मिलने से उनके बेटे को इस बीमारी से निजात मिल सकेगी।
