रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
जालौन

Jalaun News:गड्ढे में फंसी ट्राली पलटी, किसान बाल-बाल बचा – Orai News

November 24, 2026


सिरसा कलार। कालपी-मदारीपुर मुख्य मार्ग पर अधूरी पड़ी सड़क के गड्ढे में पहिया जाने से ज्वार की करब से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। गनीमत रही कि ट्राली का ट्रैक्टर से जुड़ा कुंडा टूट गया, जिससे ट्रैक्टर पलटने से बच गया और किसान बाल-बाल बच गया। इसी स्थान पर दो दिन पहले ट्रैक्टर पलटने के डर से कूदे किसान की पहिये के नीचे दबकर मौत हो गई थी।

नियामतपुर निवासी किसान मोनू सोमवार को खेत से ट्रैक्टर-ट्राली में ज्वार की करब लादकर घर जा रहा था। कालपी-मदारीपुर मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे में ट्राली का पहिया चला गया। इससे ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान ट्रैक्टर और ट्राली के बीच का कुंडा टूट गया, जिससे ट्रैक्टर पलटने से बच गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी गड्ढे में दो दिन पहले नियामतपुर निवासी गजेंद्र का खाली ट्रैक्टर पलटने लगा था। इससे बचने के लिए उसने चलते ट्रैक्टर से छलांग लगा दी थी, लेकिन वह ट्राली के पहिये के नीचे दब गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

समाजसेवी प्रेम नारायण पाठक, संदीप यादव और किसान राजू सिंह का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों ओवरलोड ट्रक निकलते हैं। इनके आवागमन से अधूरी छोड़ी गई सड़क उखड़कर काफी दूर तक गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। सोमवार को ट्राली सड़क के बीच पलटी, लेकिन संयोग से उस समय कोई बाइक सवार या अन्य वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण पूरा होने तक ओवरलोड ट्रकों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X