Jhansi News:सिलिंडर विस्फोट में झुलसे 11 की हालत नाजुक, अगले 72 घंटे अहम – Condition Of 11 People Scorched In Cylinder Explosion Is Critical; Next 72 Hours Are Crucial
झांसी। उरई के शांतिनगर में रविवार को हुए गैस सिलिंडर विस्फोट में झुलसे लोगों की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती सभी घायलों को सघन निगरानी में रखा गया है। इनमें 11 की हालत नाजुक है। चिकित्सकों के मुताबिक, गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के लिए अगले 72 घंटे बेहद अहम हैं। इस दौरान संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। इससे बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उधर, पुलिस ने सात घायलों के बयान दर्ज किए हैं।
हादसे में झुलसे 19 लोगों को मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। इनमें दीपेश (8) 20 से 25 फीसदी, अंशिका (10) 25 से 30 फीसदी और उमंग (25) 25 से 30 फीसदी तक झुलसे हैं। सोमवती (45) और कृष (7) 35 से 40 फीसदी तक झुलसे हैं। वहीं, सोमवती (70), निखिल (16), आकाश (24), अभिनय (8), कीर्ति (8), अजीत (12) और संजना (4) 40 से 50 फीसदी तक झुलसे हैं। दयानंद (41) और मुन्नी देवी (62) 45 से 50 फीसदी, जबकि वैष्णवी 50 से 55 फीसदी तक झुलसी है। दयावती (32) और बाबू (45) 55 से 60 फीसदी तक झुलसे हैं।
चिकित्सकों के अनुसार वैष्णवी, दयानंद, सोमवती, मुन्नी देवी, कृष, दीपेश, अंशिका, संजना, कीर्ति, उमंग और आकाश की हालत देर रात तक नाजुक बनी हुई थी। इन सभी को विशेष निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों का कहना है कि गंभीर रूप से झुलसे मरीजों में संक्रमण फैलने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में अगले 72 घंटे उपचार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उधर, पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में वैष्णवी, दयावती, सोमवती, दयानंद, मुन्नी देवी, बबलू और पुष्पेंद्र के बयान मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दर्ज किए। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि 11 मरीजों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
