पुरानी Pulsar RS200 भूल जाइए! नए मॉडल में आए ये बड़े अपडेट, कीमत भी जान लीजिए
Bajaj Auto ने इंडियन मार्केट में अपनी पॉपुलर फुली-फेयर्ड स्पोर्ट्स बाइक को 2026 Bajaj Pulsar RS200 नाम से नए अवतार में लॉन्च किया है. दिल्ली में इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1,98,441 रुपये रखी गई है. इस मॉडल ईयर अपडेट के साथ बाइक में अब तक के सबसे बड़े बदलाव किए गए हैं, जो इसे पहले से कहीं ज्यादा मॉडर्न और दमदार बनाते हैं. कंपनी ने न केवल इसके इंजन की पावर को बढ़ाया है, बल्कि इसमें राइडिंग मोड्स, ट्रैक्शन कंट्रोल और क्विकशिफ्टर जैसे एडवांस इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स भी शामिल किए हैं.
इसके अलावा, बेहतर राइडिंग एक्सपीरिएंस के लिए इसके सस्पेंशन हार्डवेयर और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को भी पूरी तरह से अपग्रेड किया गया है. अगर आप इस नई स्पोर्ट्स बाइक को खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो इसके नए फीचर्स, कीमत और तकनीकी बदलावों के बारे में जान लीजिए.
इंजन और परफॉर्मेंस में सुधार
नई Pulsar RS200 में पहले की तरह ही 199.5cc का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, लेकिन इसकी ट्यूनिंग में बदलाव कर पावर को 1 bhp तक बढ़ा दिया गया है. अब ये इंजन 10,000 rpm पर 25.1 bhp की अधिकतम पावर जेनरेट करता है, जो पुराने मॉडल में 9,750 rpm पर 24.1 bhp थी.
हालांकि, इसका पीक टॉर्क 8,000 rpm पर 18.7 Nm ही रखा गया है. बाइक में अब इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल बॉडी (ETB) दी गई है, जिसकी मदद से इसमें मल्टिपल राइडिंग मोड्स और ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम जोड़ना संभव हो पाया है. फास्ट और स्मूथ गियर शिफ्टिंग के लिए इसमें स्पोर्ट्स शिफ्टर (क्विकशिफ्टर) भी दिया गया है, जो बिना क्लच दबाए गियर बदलने की सुविधा देता है.
नया 5-इंच TFT डिस्प्ले और स्मार्ट फीचर्स
नए मॉडल का सबसे बड़ा आकर्षण इसका नया 5-इंच का कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है, जिसने पुराने बॉन्डेड LCD यूनिट की जगह ली है. ये नया डिस्प्ले स्मार्टफोन कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है, जिसमें नेविगेशन के लिए गूगल मैप्स मिररिंग और म्यूजिक कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं. राइडर्स की सुविधा के लिए इसमें USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है. इसके अतिरिक्त, बाइक में एडजस्टेबल हैंड लीवर्स, हैजर्ड लाइट स्विच और सेफ्टी के लिए पैनिक ब्रेक अलर्ट जैसे यूटिलिटी फीचर्स भी जोड़े गए हैं.
अपग्रेडेड सस्पेंशन और नया रियर टायर
बजाज ने बाइक की हैंडलिंग और स्टेबिलिटी को बेहतर बनाने के लिए इसके हार्डवेयर में भी बदलाव किए हैं. फ्रंट में पारंपरिक टेलीस्कोपिक फोर्क्स की जगह अब 37mm के अपसाइड-डाउन (USD) फोर्क्स दिए गए हैं, जो कॉर्नरिंग और ब्रेकिंग के दौरान बेहतर कंट्रोल प्रदान करते हैं. वहीं, रियर में बेहतर ग्रिप के लिए अब 140/70-R17 का नया रेडियल टायर लगाया गया है. इन सभी अपडेट्स के साथ 2026 पल्सर RS200 अपने सेगमेंट में एक कंपटीटिव पैकेज बनकर उभरी है.
