बक्शा। भैरोपुर गांव में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ के छठवें दिन रविवार की शाम को अयोध्या से आए आचार्य अंकित महाराज ने कहा कि भागवत स्मरण हो तो मरण भी मंगलमय हो जाता है। कहा कि अक्रूर जिस समय श्रीकृष्ण एवं बलराम को लेकर यज्ञशाला मेले में जाने लगे गोपियों का करुण क्रंदन देख सभी नगरवासियों की आंखें नम हो गई। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में विवाह एक संस्कार है। भक्तों को रुक्मिणी विवाह की कथा श्रवण कराते हुए आचार्य ने कहा कि जीव रूपी पिता जब नारायण रूपी वर का चरण धोता है तो अहंकार समाप्त हो जाता है और ममता रूपी बेटी का हाथ समर्पित करता है तो ममता समर्पित हो जाती है। उन्होंने कहा कि हमें सत्कर्म करते हुए संघर्ष को कल पर टाल देना चाहिए। इस दौरान मुख्य यजमान प्रदीप कुमार दूबे, भारती दूबे, अंबरीष दुबे, तारा दुबे, प्रो. मनोज मिश्र, जय शंकर दुबे, कपिलमुनि मिश्र, सभाजीत शुक्ल आदि रहे।