गन्ना मूल्य भुगतान में देरी पर होगी कार्रवाई, ओवरलोडिंग भी नहीं की जाएगी बर्दाश्त :डीएम – Action Will Be Taken Over Delays In Sugarcane Price Payments; Overloading Will Also Not Be Tolerated: Dm
शाहजहांपुर। गन्ना मूल्य भुगतान में देरी और गन्ना वाहनों की ओवरलोडिंग पर अब सख्त कार्रवाई होगी। किसानों को तीन घंटे से अधिक तौल के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा कोहरे में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए सभी गन्ना वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर से क्रॉस का निशान बना लाल कपड़ा लगाना अनिवार्य किया गया है।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में चीनी मिलों के प्रधान प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर पेराई सत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान निर्धारित समयसीमा में किया जाए। भुगतान में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही घटतौली रोकने के भी निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम ने गन्ना लदे बड़े ट्रॉलों का संचालन बंद कराने और ट्रकों व ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में मानक से अधिक गन्ना नहीं लादने के निर्देश दिए। पुलिस और परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने के लिए कहा। कहा कि कोहरे में दूर से वाहनों की पहचान हो सके इसके लिए सभी गन्ना वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर लगा लाल कपड़ा लगा होना जरूरी है।
मिलों में किसानों के लिए बनेगा रैन बसेरा
डीएम ने सभी चीनी मिलों के गेट पर नियमित रूप से अलाव जलाने के निर्देश दिए। रात में रुकने वाले किसानों के लिए पर्याप्त गद्दे और साफ बिस्तर युक्त रैन बसेरा, पेयजल और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था करने के लिए कहा। कैंटीन का सुचारु संचालन कराने के निर्देश भी दिए, ताकि गन्ना तौल के इंतजार में किसानों को परेशानी न हो।
उन्होंने चीनी मिल प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के लिए कहा। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती, एआरटीओ सर्वेश कुमार सिंह के अलावा चीनी मिलों के प्रबंधक मौजूद रहे।
