बिहार:सात फेरों से पहले दूल्हा फरार, एक लाख रुपये के लिए तोड़ी शादी; पुलिस की मौजूदगी में हुई रस्में – Muzaffarpur Bihar News :groom Demanded Dowry And Fled Wedding Pavilion Police Caught And Ensure Marriage
बिहार के मुजफ्फरपुर में दहेज की मांग को लेकर शादी टूटने की नौबत आ गई। सात फेरों की तैयारी चल रही थी, तभी दूल्हा अपने पिता, जीजा और भाई के साथ वहां से चला गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़के वालों ने बकाया एक लाख रुपये तत्काल देने की मांग की थी। आर्थिक परेशानी के कारण लड़की पक्ष ने फिलहाल 50 हजार रुपये देने की बात कही तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस की मौजूदगी और ग्रामीणों की पहल पर दोबारा मंडप सजाया गया और शादी की रस्में पूरी कराई गईं।
चार लाख रुपये में तय हुई थी शादी
मामला मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के सीहो हरपुर गांव का बताया जा रहा है। यहां बंदरा प्रखंड क्षेत्र के दयालपुर गांव से बारात आई थी। लड़की की बुआ मीना देवी के मुताबिक, शादी के लिए कुल चार लाख रुपये तय हुए थे। इसमें से तीन लाख रुपये लड़के वालों को दिए जा चुके थे, जबकि एक लाख रुपये बाद में देने की सहमति बनी थी।
बकाया रकम को लेकर शुरू हुआ विवाद
मीना देवी ने बताया कि रविवार देर शाम लड़के वालों ने बकाया एक लाख रुपये जल्द देने की मांग की। लड़की पक्ष ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए तत्काल पूरी रकम देने में असमर्थता जताई और 50 हजार रुपये देने की बात कही। उनका कहना था कि शादी और बारातियों के स्वागत-सत्कार में भी काफी खर्च हो चुका है। बाकी रकम जल्द देने का भरोसा भी दिया गया।
सात फेरों से पहले दूल्हे को लेकर चले गए परिजन
लड़की पक्ष के मुताबिक, रकम को लेकर विवाद बढ़ने के बाद लड़के वाले शादी तोड़ने की बात कहने लगे। आरोप है कि शादी की रस्में शुरू होने से ठीक पहले दूल्हे के पिता, जीजा और भाई उसे लेकर वहां से चले गए। उन्होंने शादी नहीं करने की बात कही। इससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और गांव में नाराजगी फैल गई।
ग्रामीणों ने पुलिस से मांगी मदद
घटना के बाद लड़की पक्ष और ग्रामीणों ने पुलिस से मदद मांगी। ग्रामीणों ने लड़के पक्ष के कुछ लोगों को रोक लिया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की पहल और पुलिस की मौजूदगी में दोबारा पंडित को बुलाया गया। मंडप सजाकर शादी की रस्में पूरी कराई गईं।
गांव में चर्चा का विषय बनी घटना
शादी के मंडप से दूल्हे के चले जाने और फिर पुलिस की मौजूदगी में रस्में पूरी होने की घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों में लड़के पक्ष के रवैये को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम और शादी की परिस्थितियों को लेकर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
