Chandigarh News:मैराथन में विद्यार्थियों ने दिया नशा मुक्त और हरियाली का संदेश – Students Conveyed A Message Of A Drug-free Life And A Greener Environment During The Marathon
चंडीगढ़। सेक्टर-11 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज (पीजीजीसी) के विद्यार्थियों ने द्वितीय अंतरराष्ट्रीय मैराथन में नशे से दूर रहने और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। कॉलेज की एनएसएस इकाई ने पर्यावरण सोसायटी उर्वी के साथ मिलकर चंडीगढ़ क्लब में जागरूकता स्टॉल लगाया। स्टॉल पर विद्यार्थियों ने डूडलिंग, स्केचिंग और पेंटिंग के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन किया। इन कलाकृतियों के माध्यम से नशा मुक्त युवा और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने लोगों को पर्यावरण के अनुकूल उत्पाद भी बांटे और प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी, खेल निदेशक डॉ. महिंदर सिंह और शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. राजेश धैया ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना की। कार्यक्रम का आयोजन राज्य संपर्क अधिकारी नेमी चंद और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. शाखा शारदा व मनीषा के मार्गदर्शन में किया गया। ब्यूरो
