आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में मंगलवार को टोल गेट के पास एक कार के खड़े ट्रक से टकरा जाने से पांच लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 7.30 बजे हुआ, जब एक एसयूवी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। विजयनगरम जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ए.आर. दामोदर ने पत्रकारों को बताया, ‘आज सुबह भोगपुरम टोल गेट के पास एक एसयूवी के खड़े ट्रक से टकरा जाने से पांच लोगों की मौत हो गई।’
कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांचवां व्यक्ति, जो गंभीर रूप से घायल था। उसकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये लोग मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
जांच में क्या पता चला?
शुरुआती जांच से पता चलता है कि संभवतः थकान के कारण कार चालक को गाड़ी चलाते समय झपकी आ गई होगी। हालांकि, हादसे के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है, जिसमें यह भी देखा जा रहा है कि ट्रक किस तरह खड़ा था और क्या इसके चालक की ओर से कोई लापरवाही बरती गई थी। कार किस समय टोल प्लाजा से गुजरी, यह पता लगाने के लिए टोल गेट के रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।