बहादुरगढ़। बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच पौधों को स्वस्थ रखने के लिए संघर्षशील जनकल्याण सेवा समिति की आठ वर्षीय सदस्य मायरा ने जागरूकता अभियान चलाया। उसने सड़क किनारे और घरों के आसपास लगे पौधों की पत्तियों पर पानी का छिड़काव कर लोगों से भी नियमित रूप से पौधों की देखभाल करने की अपील की।
मायरा ने जागरूकता वीडियो के माध्यम से बताया कि प्रदूषण के कारण पौधों की पत्तियों पर धूल और सूक्ष्म कणों की परत जम जाती है। इससे प्रकाश संश्लेषण और गैसों के आदान-प्रदान की प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिसका असर पौधों की वृद्धि पर पड़ता है। उसने सरकार और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से भी इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
अभियान में चार वर्षीय हितांशी के अलावा मनीष चाहार और ललित रंगा ने भी भागीदारी की। समिति ने कहा कि पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
फोटो-56:गांव सांखोल में पौधों के पत्तों पर जमी धूल को हटाने के लिए पानी का छिड़काव करती मायरा। स्रोत स्वयं